
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन,यात्रा स्थगित
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्विटर पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “ जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
जालंधर : जालंधर से कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद संतोख सिंह चौधरी का शनिवार सुबह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में हिस्सा लेने के दौरान निधन हो गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।श्री चौधरी के निधन के बाद यात्रा रोक दी गई। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी विधायक राणा गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला के साथ अस्पताल में सांसद के परिवार से मिलने गए हैं। यात्रा फिल्लौर इलाके से गुजर रही थी, जब श्री सिंह काे दिल का दौरा पड़ा।
पता चला है कि वह श्री गांधी के साथ कुष्ठ आश्रम से निकले थे, तभी अचेत होकर गिर पड़े। उन्हें पास के फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।श्री चौधरी के बेटे विक्रमजीत सिंह चौधरी फिल्लौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। श्री संतोख सिंह ने दो बार लोकसभा चुनाव जीता था – पहली बार 2014 में और बाद में 2019 में।
चाैधरी के निधन पर भगवंत और अमरिंदर सहित सभी दलों के नेताओं ने जताया गहरा दुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस सांसद संतोख सिंह के असामयिक निधन पर गहरा दुख जताया है। वह 76 वर्ष के थे।ज्ञातव्य है कि पिछले दो दिन से मौसम खराब होने और सर्द हवाओं के कारण मौसम ठंडा बना हुआ था और श्री सिंह आज तड़के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शिरकत कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया । निधन के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई है।
यात्रा बीच में छोड़ पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अस्पताल पहुंचे थे।श्री गांधी ने कहा कि वह श्री चौधरी के निधन से आहत हैं। वह जमीन से जुड़े नेता थे और पार्टी के सच्चे सिपाही के तौर पर उन्होंने पार्टी की सेवा की।कांगेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर राजा वडिंग ने इस घटना पर शोक जताया है। अकाली दल ,भाजपा के नेता सुनील जाखड़ और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी श्री सिंह के निधन पर दुख जताया है। कैप्टन सिंह ने कहा कि वह उनके साथ कांग्रेस में लंबे समय तक रहे। वह बहुत लोकप्रिय नेता थे।
खडगे, राहुल, प्रियंका ने सांसद चौधरी के निधन पर जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के लोकसभा सदस्य संतोख सिंह चौधरी के निधन पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।श्री संतोख सिंह चौधरी का शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। भारत जोड़ो यात्रा की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जालंधर में दिवंगत सांसद के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री गांधी ने बाद में शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया “श्री संतोख सिंह चौधरी जी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं। वो ज़मीन से जुड़े परिश्रमी नेता,एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जन सेवा को समर्पित किया। शोक संतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”
श्री खडगे ने अपने शोक संदेश में कहा “हमारे सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ है। भगवान उसकी आत्मा को शांति दे।”
श्रीमती वाड्रा ने कहा “जालंधर के सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। श्री संतोख सिंह जी कांग्रेस विचारधारा के लिए समर्पित नेता व सच्चे जनसेवक थे। उनके निधन से कांग्रेस को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवदेनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें।”
कांग्रेस सांसद के सम्मान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ स्थगित
कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर उनके सम्मान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को शनिवार को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया।कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा को 24 घंटे के लिए जालंधर के सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन पर स्थगित किया गया है।
अब यात्रा कल दोपहर बाद जालंधर के खालसा कॉलेज मैदान से शुरू होगी।इससे पहले श्री रमेश ने ट्वीट कर जानकारी दी, “जालंधर से 76 वर्षीय कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”उन्होंने बताया था कि इस वजह से यात्रा कार्यक्रम स्थगित किया जा सकता है।(वार्ता)