Politics

कांग्रेस ने की दिल्ली और पंजाब में लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा

भाजपा के घोषणा पत्र से महंगाई, बेरोजगारी गायब: राहुल

नयी दिल्ली : कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली की तीन तथा पंजाब की छह लोकसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की।पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने यहां बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने दिल्ली की तीन, पंजाब की छह और उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की सिफारिश की है जिन्हें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वीकार कर लिया है।पार्टी ने दिल्ली में चांदनी चौक लोकसभा सीट से जय प्रकाश अग्रवाल, उत्तर पूर्व से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम से उदित राज को टिकट दिया है।पंजाब में अमृतसर से गुरजीत सिंह आहुजा, पटियाला से धर्मवीर गांधी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर लोक सभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद सीट से उज्जवल रेवती रमन सिंह को टिकट दिया गया है।

भाजपा के घोषणा पत्र से महंगाई, बेरोजगारी गायब: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणा पत्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से महंगाई और बेरोज़गारी गायब हैं।श्री गांधी ने आज यहां सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र और प्रधानमंत्री के भाषण से महंगाई और बेरोजगारी गायब है।उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के जीवन से जुड़े सबसे अहम मुद्दों पर भाजपा चर्चा तक नहीं करना चाहती।श्री गांधी ने कहा कि इंडिया समूह की योजना बिलकुल स्पष्ट है कि 30 लाख पदों पर भर्ती और हर शिक्षित युवा को एक लाख रुपए की पक्की नौकरी दी जाएगी। युवा इस बार श्री मोदी के झांसे में नहीं आएगा तथा कांग्रेस का हाथ मज़बूत कर देश में ‘रोज़गार क्रांति’ लाएगा।कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि आज बाबा साहब अंबेडकर की जयंती है। भाजपा उनके बनाए संविधान को ख़त्म करने की स्पष्ट रूप से साज़िश रच रही है। प्रधानमंत्री लोगों का ध्यान भटकाने के लिए मंच से ख़ुद कुछ और बोलते हैं और अपने नेताओं से कुछ और बुलवा रहे हैं।श्री रमेश ने कहा, ” उनका मक़सद साफ़ है – यदि इस बार उन्हें मौका मिला तो सबसे बड़ा ख़तरा बाबा साहेब के संविधान पर होगा।”

मोदी विपक्षी नेताओं का करना चाहते हैं मुंह बंद-प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इलेक्टोरल बॉन्ड योजना में उसका सबसे बड़ा भ्रष्टाचार सामने आने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार से नहीं लड़ रहे हैं बल्कि वह विपक्षी नेताओं का मुंह बंद करना चाहते हैं।श्रीमती वाड्रा रविवार को जालौर के भीनमाल में जालौर लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार वैभव गहलोत के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी कहते हैं कि वह अकेले भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं जबकि वह भ्रष्टाचार से नहीं लड़ रहे, बल्कि वह विपक्षी नेताओं का मुंह बंद करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी की भ्रष्टाचार को लेकर बातें खोखली हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड योजना के जरिए उन्होंने भ्रष्ट लोगों से चंदा लिया। उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद पता चला कि मोदी सरकार द्वारा कंपनियों को ठेका दिया गया और भाजपा ने उन्हीं कंपनियों से चंदा लिया। कंपनियों पर जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की, फिर उन्हीं कंपनियों से भाजपा ने चंदा लिया। इससे बड़ा भ्रष्टाचार कोई नहीं हो सकता है।जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आज दो मुख्यमंत्रियों को भ्रष्टाचार के बहाने जेल में डाल दिया गया है, ऐसा देश के इतिहास में पहली बार हुआ है। विपक्षी नेताओं पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का दबाव डाला जा रहा है। जब वही विपक्षी नेता भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो अचानक भ्रष्टाचार की बात बंद हो जाती हैं। श्री मोदी जिन नेताओं पर हजारों करोड़ के घोटाले के आरोप लगाते हैं, उन नेताओं के भाजपा में जाने के बाद भ्रष्टाचार का मामला बंद हो जाता है।

श्रीमती वाड्रा ने महंगाई और बेरोजगारी को देश की सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि मोदी सरकार के शासन में पिछले दस वर्षों में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। आज हर चीज पर जीएसटी लगा दी गई है। खेती से कमाई नहीं हो रही है। कांग्रेस की सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से निकाला लेकिन भाजपा की सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी में धकेलने का काम किया है।उन्होंने श्री मोदी पर जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि असल में वह जनता से दूर हो चुके हैं। इसलिए वह आम आदमी की समस्या पर बात नहीं कर रहे हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री पर सिर्फ चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी नीयत ठीक नहीं है और उनकी नीतियां बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। देश की संपत्ति उद्योगपतियों को सौंपी जा रही है। श्री मोदी ने अरबपतियों का कर्ज माफ कर दिया जबकि किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया। रोजगार देने की बजाय मोदी सरकार अग्निवीर जैसी योजना लेकर आ गई। इस योजना ने युवाओं की उम्मीदों को चूर-चूर कर दिया।

उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर अग्निवीर योजना तुरंत रद्द की जाएगी।उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर केंद्र में खाली पड़ी 30 लाख सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया जाएगा। गिग श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रूपये की मदद दी जाएगी। केंद्र सरकार की नई नौकरियों में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण दिया जाएगा। किसानों की कर्ज माफी और एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी। फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर होगा।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button