
हैदराबाद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराया है।श्री मोदी ने रविवार को घोषित राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की स्थापना के लाभों के संबंध में निजामाबाद से तेलंगाना के सांसद अरविंद धर्मपुरी के एक पोस्ट का जवाब देते हुए सोमवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “हमारे किसानों की भलाई और समृद्धि हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।”उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की स्थापना करके, हमारा लक्ष्य हमारे हल्दी किसानों की क्षमता का दोहन करना और उन्हें वह समर्थन देना है जिसके वे हकदार हैं। निज़ामाबाद के लिए लाभ विशेष रूप से बहुत अधिक हैं। हम अपने हल्दी किसानों के लिए उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।
‘श्री मोदी ने महबूबनगर में कल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कैसे भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार राज्य के किसानों को धोखा दे रही है जबकि यह भाजपा है जो किसानों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीआरएस और कांग्रेस, दोनों वंशवादी पार्टियां केवल भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही हैं।आज, प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की घोषणा तेलंगाना, विशेषकर निज़ामाबाद में किसानों के जीवन के उत्थान के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। यह कदम हल्दी की खेती में क्रांति लाएगा, उचित मूल्य और वैश्विक मान्यता सुनिश्चित करेगा।
इस दौरान श्री मोदी ने कहा, “हल्दी सिर्फ एक फसल नहीं है, यह हमारी संस्कृति का एक अभिन्न अंग है, जिसका उपयोग स्वास्थ्य और धार्मिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है। महामारी के दौरान इसके प्रतिरक्षा-बढ़ाने वाले गुणों के कारण इसकी मांग बढ़ गई। हल्दी बोर्ड, बुआई से लेकर कटाई तक, विपणन से लेकर निर्यात तक, हमारे किसानों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।” उन्होंने कहा, राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड तेलंगाना के कृषि समुदाय के लिए आशा की किरण है।
भाजपा की सरकार बनने पर वह जनहित की किसी योजना को नहीं रोकेगी-मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस सरकार पर गत पांच साल में राजस्थान की साख को तबाह कर देने का आरोप लगाते हुए भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने पर वह जनहित की किसी योजना को नहीं रोकेगी वहीं गुंडागर्दी, दंगे, बेईमानी एवं भ्रष्टाचार रोकेगी और हर गरीब का पक्का घर, महिला सुरक्षा एवं रोजगार लाकर समृद्ध राजस्थान बनायेगी।श्री मोदी सोमवार को यहां जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरा राजस्थान एवं मेवाड़ क्या सोच रहा है यहां साफ साफ दिखाई दे रहा है और राजस्थान ने आह्वान कर दिया है कि राजस्थान बचायेंगे भाजपा सरकार को लायेंगे।
उन्होंने मेवाड़ एवं राजस्थान की पहचान अतिथि सत्कार, लोकसंगीत, लोक संस्कृति एवं शौर्य की है। एक-एक विरासत पर गर्व करने की है लेकिन गत पांच साल में कांग्रेस सरकार ने राजस्थान की साख को तबाह कर दिया है।उन्होंने कहा कि जब अपराध की खबरे आती है तो बड़ा दुख होता है और वह दुखी मन से कह रहे है कि आज जब अपराध की बात आती है तो कौनसा राज्य शीर्ष पर आता है, यह हमारा राजस्थान आता है। इसी तरह महिलाओं, दलितों एवं पिछड़ों पर अत्याचार की बात होती है तो राजस्थान नम्बर एक पर है।उन्होंने कहा “मैं जनता को दुख के साथ पूछना चाहता हूं कि आपने पांच साल पहले इसके लिए कांग्रेस को वोट दिया था। राजस्थान में कांग्रेस ने लोगों को भ्रम में डालकर सरकार तो बना ली लेकिन वह सरकार चला नहीं पाई ।
” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी कुर्सी बचाने में लगे रहे जबकि आधी कांग्रेस उनकी कुर्सी गिराने में लगी रही और जनता को अपने हाल पर छोड़ कर आपसी लड़ाई में ही लगे रहे।प्रधानमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस मिलीभगत में लगी रही और उसने राजस्थान को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी और पांच साल में कांगेस ने यही ही काम किया है। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या राजस्थान में ऐसी सरकार रहनी चाहिए, एक दिन भी रहनी चाहिए, क्या ऐसी सरकार चलेगी।
मोदी ने चित्तौड़गढ़ में सात हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को चित्तौड़गढ में सात हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एव शिलान्यास किया।श्री मोदी ने मेला मैदान में रिमोट से बटन दबाकर इन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से मेवाड़ की जनता को सुविधा मिलेगी और रोजगार मिलेगा। राजस्थान को त्रि शक्ति बताते हुए कहा कि इससे देश का सामर्थ्य बढाता है।
उन्होंने राजस्थान के विकास के लिए केन्द्र सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस वे, हाइवे रेलवे सहित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह विकसित भारत के निर्माण में जुटे है और पिछड़ों का आज विकास उनकी प्राथमिकता है।इससे पहले प्रधानमंत्री ने सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन किए और पूजा अर्चना की। इसके बाद लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के बाद जनसभा को संबोधित करने से पहले श्री मोदी का पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया।(वार्ता)



