UP Live

राजधानी लखनऊ को मिलेगा इंटरनेशनल एग्जीबिशन कम कन्वेंशन सेंटर का उपहार, मुख्यमंत्री ने दी सहमति

बड़े सांस्कृतिक, राजनीतिक, राजकीय, धार्मिक समारोह गीत-संगीत के कंसर्ट पूरी भव्यता और गरिमा के साथ हो सकेंगे आयोजित,मेलों/प्रदर्शनियों की मेजबानी करने में होगा सक्षम.कन्वेंशन सेंटर में प्रदेश के ओडीओपी उत्पाद, हमारे विशिष्ट खान-पान, लोककला, लोकसंगीत का सतत प्रदर्शन भी किया जाना चाहिए: मुख्यमंत्री.वृंदावन योजना में 32 एकड़ के विशाल परिसर में होगा भव्य कन्वेंशन कम एग्जीबिशन सेंटर, 10 हजार की होगी क्षमता.

  • राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों की मेजबानी कर सकेगा लखनऊ
  • आवास विकास और एलडीए के संयुक्त तत्वावधान में होगा निर्माण, राज्य सरकार भी करेगी सहयोग
  • मुख्यमंत्री का निर्देश, 02 वर्ष में तैयार करें भव्य कन्वेंशन सेंटर
  • विशाल परिसर में पंचतत्वों को प्रदर्शित करती विशेष ‘पंच वाटिका’ होगी आकर्षण का केंद्र

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की राजधानी में विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त इंटरनेशनल एग्जीबिशन कम कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है।

बुधवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित इंटरनेशनल कन्वेंशन कम एग्जीबिशन सेंटर के स्वरूप, निर्माण प्रक्रिया, लागत आदि विषयों पर विमर्श किया और कहा कि राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सर्वसुविधायुक्त, विश्वस्तरीय हाईटेक कन्वेंशन- सह-एग्जीबिशन सेंटर की आवश्यकता है। कन्वेंशन सेंटर का निर्माण आवास विकास और एलडीए के संयुक्त तत्वावधान में किया जाना चाहिए। राज्य सरकार भी इसमें वित्तीय सहयोग करेगी। निर्माण कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने दो वर्ष की अवधि तय की है।

उन्होंने कहा कि कन्वेंशन सेंटर को बहुउपयोगी बनाया जाना चाहिए। कन्वेंशन सेंटर ऐसा हो जहां बड़े सांस्कृतिक, राजनीतिक, राजकीय, धार्मिक समारोह गीत-संगीत के कंसर्ट पूरी भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित हो सकें। एग्जीबिशन सेंटर सभी प्रकार के मेलों/प्रदर्शनियों की मेजबानी करने में सक्षम हो, यहां ओपन थियेटर भी हो, समीप ही होटल इंडस्ट्री के लिए भूमि आरक्षित रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन की वास्तुकला में भारतीय संस्कृति का प्रतिबिंब हो, साथ ही जल और ऊर्जा संरक्षण का उदाहरण प्रस्तुत करने वाला हो। उन्होंने कहा कि कन्वेंशन सेंटर में उत्तर प्रदेश के ओडीओपी उत्पाद, हमारे विशिष्ट खान-पान, लोककला, लोकसंगीत का सतत प्रदर्शन भी किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कन्वेंशन सेंटर में छोटे, बड़े और भारी वाहनों की बेहतर पार्किंग, फायर सेफ्टी, प्रसाधन और फ़ूड कोर्ट आदि की व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए।

हाल ही में सम्पन्न यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों में लाखों की संख्या में लोगों का आगमन होता है। ऐसे मौकों पर क्राउड मैनेजमेंट की जरूरत होती है, कन्वेंशन सेंटर में प्रदर्शनी हॉल की रूपरेखा तय करते समय इसका ध्यान रखा जाए।

कन्वेंशन सेंटर के प्रस्तावित स्वरूप पर जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि वृंदावन योजना में जहां वर्ष 2020 में डिफेंस एक्सपो का आयोजन हुआ था, वहां 32 एकड़ की भूमि उपलब्ध है, जिस पर इसका निर्माण कराया जा सकता है। यहां चारों ओर से अच्छी कनेक्टिविटी है। लगभग 10 हजार लोगों की क्षमता वाले इस कन्वेंशन सेंटर में अलग-अलग ऑडिटोरियम होंगे। बैठक कक्ष, वीआईपी लाउंज की भी व्यवस्था है। विशाल परिसर में पंचतत्वों को प्रदर्शित करती विशेष ‘पंच वाटिका’ आकर्षण का केंद्र होगी।

Related Articles

Back to top button