Varanasi

नालों पर अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, लगाया 10 हजार का जुर्माना

वाराणसी में मानसून से पहले नगर निगम ने नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग और साजन तिराहा क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाए गए तथा नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साफ कहा है कि नालों पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। अभियान के दौरान गहरे नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और जलभराव रोकने पर विशेष जोर दिया गया।

वाराणसी : नगर निगम ने नालों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर बुधवार को रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग और साजन तिराहा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नालों के ऊपर किए गए अवैध निर्माण हटाए गए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम की टीम संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र और सहायक नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग पर नालों के ऊपर किए गए पक्के अतिक्रमण को हटवाया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार नालों पर कब्जे के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका बनी हुई थी।

बताया गया कि गत 12 मई को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों द्वारा नालों को पाटकर दुकान का दायरा बढ़ाने की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। अभियान के दौरान ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर चेतावनी दी गई कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा भारी जुर्माना वसूला जाएगा और नगर निगम बलपूर्वक कार्रवाई करेगा।

नगर आयुक्त ने शहर के विभिन्न जोन में विशेष टीमों का गठन भी किया है, ताकि नालों और सार्वजनिक स्थलों पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मानसून से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई और अतिक्रमण मुक्त कराना प्राथमिकता में शामिल है।

साजन तिराहा के बड़े नाले का औचक निरीक्षण

इसी क्रम में 13 मई 2026 को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साजन तिराहा स्थित बड़े और गहरे नाले की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाले की तल्ली झाड़ सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर यह पाया गया कि कई दुकानदारों और प्रतिष्ठानों द्वारा नाले के ऊपर बने पाथवे पर भी अवैध कब्जा किया गया है।

नगर आयुक्त ने संबंधित जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमणकारियों को तत्काल नोटिस देकर कब्जा हटाने के लिए कहा जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने विशेष रूप से नाले में जमा भारी सिल्ट को लेकर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि नाले की गहराई तक सफाई कर सिल्ट निकाला जाए और 24 घंटे के भीतर उसे निर्धारित स्थल पर पहुंचाकर निस्तारित किया जाए, ताकि स्वच्छता और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर के सभी बड़े नालों की समयबद्ध सफाई कराई जा रही है। उद्देश्य यह है कि बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और शहरवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सिविल एवं सहायक अभियंता सिविल समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।

विलुप्त हो रही नदियों को मिला नया जीवन, योगी सरकार के मिशन से बड़ा बदलाव

यूपी में पर्यटन को लेकर बड़ा फैसला, अब किले और हेरिटेज स्थल बनेंगे डेस्टिनेशन वेडिंग हब

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button