
ओवरटेक के चक्कर में पलटी बस, बाल-बाल बचे 45 यात्री
बस का शीशा तोड़कर निकला गया बाहर, कुछ को हल्की चोट आयी
जंसा,वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र अंतर्गत भदोही मार्ग पर झबरा (जलालपुर)गांव के पास मंगलवार सुबह वाराणसी से भदोही की तरफ जा रही यात्रियों से भरी बस आॅटो को ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गयी। इसके पहले बस पेड़ से टकरायी थी। हादसे के बाद वहां पहुंचे ग्रामीणों ने बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। अच्छी बात ये रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आयी हां, हल्की चोट आने पर उपचार के बाद यात्रियों को घर भेज दिया गया। घटना के बाद चालक और खलासी बस छोड़कर भाग निकला।
जानकारी के अनुसार चांदपुर वाराणसी से 45 यात्रियों को लेकर भदोही जा रही बस जलालपुर गांव के समीप एक आॅटो को ओवरटेक किया ओवरटेक के दौरान आगे स्कूटी आ गयी ऐसे में चालक ने कट मारी और बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए पलट गयी। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ भागे और बस में सवार लगभग 45 यात्रियों को बस का शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। इस दौरान भदोही मार्ग एक घंटे तक प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची जंसा पुलिस आवागमन सूचारू कराया। वही बस चालक एवं खलासी घटनास्थल से भागने में सफल रहे। आंशिक रूप से घायल यात्रियों का इलाज हाथी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।


