
भोपाल : मादक पदार्थ गांजा का जरायम, बलात्कार, पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर आरोपों में लगभग 4 माह से जेल में बंद ढोंगी बाबा धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव के अधर्म के साम्राज्य का प्रशासन खात्मा कर रहा है। रविवार को पुलिस प्रशासन ने नरसिंहपुर जिले के नांदिया बिलहरा में अतिक्रमण कर बनाया गया उसका आश्रम ढहा दिया है। धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव के खिलाफ पुलिस ने गांजा रखने, बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत कुल 5 मामले दर्ज किए थे। 11 अगस्त को उसे गिरफ्तार किया गया था। तभी से वह जेल की सलाखों के पीछे है। धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव ने करीब सवा एकड़ शासकीय जमीन पर अवैध तरीके से अपना आश्रम बनाया था जिसे पुलिस प्रशासन ने ढहा दिया है।
जिले के नांदिया बिलहरा गांव में स्थित हनुमान मंदिर को नया स्वरूप देकर धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव ने साकेत धाम बनाया था। पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव लड़कियों का यौन शोषण करता था। धर्मदेव बाबा के ऊपर कई महिलाओं व बच्चियों को अपनी काम वासना का शिकार बनाने के आरोप हैं। बताया गया है कि तंत्र विद्याओं की मदद से वह युवतियों को फंसाता और उनका यौन शोषण करता था। इस दौरान बाबा वीडियो भी बनाता था। बाद में युवतियों को वाडियो वायरल करने की धमकी देकर उनके साथ बार बार दुष्कर्म किया करता था।
अपने खराब हुए मोबाइल सेट को जब धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव ने सुधरवाने के लिये भेजा तब वहां से उसके पाप का डाटा लीक हो गया। पुलिस को जानकारी मिलने पर साकेत धाम में आरोपी को दो किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। बाद में यौन शोषण के आरोपों के सामने आने पर उसके खिलाफ अन्य मामले दर्ज किए गए। फिलहाल ११ अगस्त से वह जेल में ही बंद है। बाद में उसके आश्रम का सीमांकन किया गया व बाबा की संपत्ति की जांच शुरू की गई। जिस पर यह पता चला कि उसने करीब सवा एकड़ शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर आश्रम बना लिया है। इस पर प्रशासन ने अतिक्रमण तोडऩे की विधिवत कार्रवाई की और रविवार को डोजर से धर्मदेव का दो मंजिला आश्रम व अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिया।
कलेक्टर वेद प्रकाश, एसपी अजय सिंह की मौजूदगी में विभागीय अमले ने अतिक्रमण ढहाने की कार्रवाई की। इस दौरान एसडीएम, एसडीओपी सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण आश्रम ढहाने की कार्रवाई देखने पहुंचे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की है।
एसपी ने कहा
“धर्मेंद्र दुबे उर्फ धर्मदेव ने करीब सवा एकड़ शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर दो मंजिला आश्रम व अन्य निर्माण कार्य किए थे। जिन्हें तोड़ दिया गया है। आरोपी धर्मदास के खिलाफ गांजा, बलात्कार, पॉक्सो एक्ट के तहत ५ मामले दर्ज हैं।” पुलिस अधीक्षक-अजय सिंह.
अपराधों का ब्योरा
ढोंगी बाबा धर्मेन्द्र दुबे करता था गांजे का व्यापार
पुलिस रिकार्ड के अनुसार ढोगी बाबा धर्मदेव उर्फ धर्मेन्द्र दुबे पिता श्रीराम दुबे उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम नांदिया अवैध रूप से गांजे का व्यापार करता था। उसके कब्जे से 2 किलो गांजा बरामद किया गया था जिस पर उसके विरुद्ध थाना सुआतला में अपराध क्रमांक 383/2020 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट काम कर उसे गिरफ्तार किया गया था।
नाबालिग एवं महिलाओं के साथ यौन शोषण एवं दुष्कृत्य के 4 प्रकरणों में आरोपी है। धर्मदेव उर्फ धर्मेन्द्र दुबे के विरुद्ध नाबालिक युवतियों एवं महिलाओं का यौन शोषण कर उनका अश्लील वीडियो बनाने फिर उनको धमकाकर उनके साथ दुष्कृत्य करने के थाना सुआतला में पूर्व में कुल 4 मामले पंजीबद्ध हैं। जिनमें आरोपी बाबा धर्मदेव उर्फ धर्मेन्द्र दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपी बाबा पर के खिलाफ अपराध क्रमांक 397/2020 धारा 342, 376 (1) 506 भादवि. अपराध क्रमांक 398/2020 धारा 354, 354 (क) 506 भादवि एवं 7/8, 11/12 पाक्सो एक्ट, अपराध क्रमांक 399/2020 धारा 342/ 376 (1) 506 भादवि एवं अपराध क्रमांक 400/2020 धारा 376/ 376 (2) (एन) 342,506 भादवि दर्ज है।