गोंडा : भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को दावा किया कि पहलवानों द्वारा लगाये गये यौन शोषण के आरोपों से वह साफ सुथरे होकर निकलेंगे।उन्होंने पूरे मामले में कांग्रेस और बड़े उद्योगपति का हाथ होने का आरोप लगाते हुये कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को मामले की पूरी जानकारी तक नहीं है।अपने पैतृक आवास पर पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा “ मुझे न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है। जांच एजेंसी मुझे और मेरे समर्थकों को न्याय दिलायेगी। ”
बृजभूषण ने शीघ्र जाँच करके निर्णय देने के जांच एजेंसी से अपील की। उन्होंने कहा “ जाँच में फेडरेशन का कोई रोल नहीं है। पहलवानों की डिमांड रोज बदल रही है। मेरे इस्तीफा देने का मतलब आरोप को स्वीकार करना है। मेरा कार्यकाल समाप्त हो रहा है। अपराधी बनकर मुझे पद नहीं छोड़ना। नई बॉडी बनने पर मेरा पद स्वतः समाप्त होगा।”उन्होंने कहा कि जांच कमेटी की रिपोर्ट आने के पहले ही पहलवान सुप्रीम कोर्ट चले गये।
बृजभूषण ने सवाल किया “ नाबालिग को जाँच कमेटी के सामने क्यों नहीं लाया गाया। मैंने सरकार और कमेटी के निर्णय का सम्मान किया। सांसद का पद मुझे विनेश फोगाट की कृपा से नहीं मिला।”गौरतलब है कि यौन उत्पीड़न के आरोप को लेकर ब्रजभूषण के खिलाफ पहलवान नई दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। पुलिस ने शुक्रवार को इस बाबत मुकदमा भी दर्ज किया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जंतर मंतर पहुंच कर पहलवानो के धरने का समर्थन किया और ब्रजभूषण सिंह पर सत्ता संरक्षण का आरोप लगाया।
खिलाड़ियों से मिलने जंतर मंतर पहुंची प्रियंका, बृजभूषण को हटाने की मांग
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा यहां जंतर-मंतर पर धरना दे रही महिला पहलवानों से आज मिली और उन्हें न्याय देने के लिए सबसे पहले कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह को पद से हटाने की मांग की।श्रीमती वाड्रा ने महिला खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि पूरा देश धरना दे रहीं खिलाड़ियों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है और वह खुद न्याय की इस लड़ाई में पूरी तरह से देश का गौरव बढ़ाने वाले इन महिला खिलाड़ियों के साथ हैं।
उन्होंने कहा “जब देश की ये बेटियां मेडल जीतकर आती हैं तो हम सभी गर्व करते हैं लेकिन आज वही बेटियां न्याय के लिए सड़क पर बैठी हैं तो कोई सुनने को तैयार नहीं।”उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ी जिस व्यक्ति पर आरोप लगा रही हैं वह प्रभावशाली पद पर है और उसे सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। ऐसे में इन्हें न्याय देने के लिए जरूरी है कि आरोपी को सबसे पहले उसके पद से हटाया जाए ताकि वह पद का दुरुपयोग कर खिलाड़ियों पर दबाव न बना सके।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर यह महिलाएं आरोप लगा रही हैं वह भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष है और उसके खिलाफ उन्होंने एफआईआर भी दर्ज कराई है लेकिन अब तक इन खिलाड़ियों को प्राथमिक की कॉपी नहीं मिली है। प्राथमिकी में क्या लिखा है यह तभी मालूम हो सकता है जब उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाएगी।
बृजभूषण सिंह को पद से हटाकर करें तत्काल गिरफ्तार : कांग्रेस
कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सांसद ब्रजभूषण सिंह एक माफिया हैं और उन पर आरोप लगाने वाली खिलाड़ियों तथा उनके परिजनों पर वह दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटा कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता दीपेंद्र सिंह हुड्डा और डॉ कृष्णा पूनिया ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश के लिए मेडल जीतने वाली महिला खिलाड़ी न्याय के लिए आज दर-दर की ठोकरें खा रही हैं और हार थककर यहां जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रही हैं लेकिन सरकार उनकी आवाज नहीं सुन रही है और पद का दुरुपयोग करके उनका शोषण करने वाले कुश्ती संघ के अध्यक्ष को बचा रही है।
उन्होंने कहा,“श्री सिंह पर 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं और वह हिस्ट्रीशीटर हैं। भाजपा का यह सांसद बहुत प्रभावशाली है। वह संघर्ष कर रही महिला खिलाड़ियों की आवाज दबाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहा है इसलिए सबसे पहले उसे पद से बर्खास्त कर तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”उन्होंने दिल्ली पुलिस पर भी दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस न3 महिलाओं की शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि जब न्यायालय ने आदेश दिया तब दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पहले वह उनकी बात सुनने को भी तैयार नहीं थी।कांग्रेस नेता डॉ. कृष्णा पूनिया ने कहा,“इन खिलाड़ियों ने तीन महीने पहले कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर आरोप लगाए थे। सरकार ने उनकी नहीं सुनी तो वे धरना प्रदर्शन कर रही है। इन लड़कियों ने देश के लिए मेडल जीते थे तो सबने कहा देश का मान और सम्मान बढ़ाया है लेकिन आज वे न्याय पाने के लिए संघर्ष कर रही हैं।
उनके संघर्ष में शामिल ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होकर हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए।”उन्होंने कहा,“हमारी संस्कृति में मान सम्मान अहम है और कोई भी लड़की इस तरह का झूठा आरोप किसी पर नहीं लगा सकती है। ये लड़कियां सच के लिए लड़ रही हैं और उन्हें न्याय दिलाने में सबका प्रयास होना चाहिए।”(वार्ता)



