
धर्मशाला : बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा ने सुसाइड कर लिया है। गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला में बसरा ने मैक्लोडगंज में जोगिबाड़ा रोड पर स्थित एक कैफे के पास सुसाइड किया है। अभिनेता ने सुसाइड क्यों किया है कि अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है। कांगड़ा के एसपी विमुक्त रंजन ने मामले की पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अभिनेता आसिफ बसरा पिछले 5 सालों से मैक्लोडगंज में एक किराए के मकान में रह रहे थे। उनके साथ उनकी एक विदेशी महिला मित्र भी रहती थी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि आसिफ बसरा इंग्लैंड की एक महिला के साथ लिव इन में मैक्लोडगंज में रहते थे। गुरुवार दोपहर वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकले थे। इसके बाद घर वापस आकर उन्होंने पालतू कुत्ते की ही रस्सी से फंदा लगा लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह डिप्रेशन का शिकार थे। कांगड़ा के एसपी विमुक्त रंजन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।


