
दलित सम्मेलन बना सियासी अखाड़ा, बुद्ध वंदना और जिलों के नाम बदलने पर सपा से सवाल
आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन के दौरान बुद्ध वंदना को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। डॉ. आंबेडकर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के बैठे रहने पर आपत्ति जताते हुए अखिलेश यादव से जवाब मांगा। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार में दलित महापुरुषों के नाम पर रखे जिलों के नाम बदलने का मुद्दा भी उठाया। वहीं भाजपा ने राज्यसभा चुनाव और दलित सम्मान के सवाल पर सपा को घेरा।
लखनऊ : डॉ. आंबेडकर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने आगरा में आयोजित समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन के दौरान बुद्ध वंदना के समय रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के बैठे रहने पर कड़ी आपत्ति जताई है। डॉ. निर्मल ने इस घटना को बौद्ध परंपरा और दलित समाज का अपमान करार देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से जवाब मांगा है।
बुद्ध वंदना के दौरान आचरण पर आपत्ति
डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल के अनुसार, भगवान बुद्ध की वंदना भारतीय संस्कृति, करुणा, मैत्री, प्रज्ञा और मानवता की महान परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आगरा के दलित सम्मेलन में जब बुद्ध वंदना हो रही थी, तब मंच पर मौजूद बौद्ध भिक्षु और अन्य नेता सम्मान में खड़े हुए, लेकिन सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी अपनी कुर्सी पर बैठे रहे। डॉ. निर्मल ने आरोप लगाया कि यह आचरण जानबूझकर किया गया, जिससे बौद्ध अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने इस पूरे मामले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
2012 में जिलों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया
बयान में डॉ. निर्मल ने पूर्ववर्ती सपा सरकार के फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2012 में अखिलेश यादव की सरकार ने कैबिनेट निर्णय के माध्यम से दलित महापुरुषों और सामाजिक प्रेरणास्रोतों के नाम पर रखे गए आठ जिलों के नाम बदल दिए थे। डॉ. निर्मल ने कहा कि इन जिलों में विशेष रूप से बौद्ध विचारधारा और दलित चेतना से जुड़े नाम शामिल थे, जिन्हें हटाने से दलित समाज में असंतोष पैदा हुआ था।
बौद्ध परंपरा से जुड़े नामों का महत्व
डॉ. निर्मल ने स्पष्ट किया कि प्रबुद्ध नगर और पंचशील नगर जैसे नाम केवल प्रशासनिक पहचान नहीं थे, बल्कि वे भगवान बुद्ध के विचारों, पंचशील के सिद्धांतों और सामाजिक जागरण की प्रेरणा से जुड़े हुए थे। इसी प्रकार महामाया नगर का नाम भगवान बुद्ध की माता महामाया की स्मृति में रखा गया था। उन्होंने मांग की कि अखिलेश यादव को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी सरकार ने बौद्ध परंपरा और दलित महापुरुषों से जुड़े इन नामों को हटाने का निर्णय क्यों लिया था।
सामाजिक मुक्ति और समता के प्रतीक हैं बुद्ध
डॉ. आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष ने आगे कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने भारतीय समाज को भगवान बुद्ध के करुणा, प्रज्ञा और समता के विचारों से परिचित कराया था। डॉ. निर्मल के अनुसार, दलित समाज के लिए भगवान बुद्ध केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि वे सामाजिक मुक्ति, समानता और मानवीय गरिमा के प्रतीक हैं।
राज्यसभा चुनाव में अखिलेश को याद नहीं आया दलित समाज, केवल परिवार को प्राथमिकता दी: भाजपा
भाजपा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा के दलित सम्मेलन पर कहा कि अखिलेश यादव के स्वागत के लिए जारी 22 लोगों की सूची में एक भी दलित का नाम शामिल नहीं था। वहीं, भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की नीति और नीयत दोनों दलित विरोधी रही है।
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव 2017 से ही मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता और विशेषकर दलित समाज 2017 से लगातार सपा को सबक सिखा रहा है। 2027 के चुनाव में भी उत्तर प्रदेश की जनता सपा को ऐसा सबक सिखाएगी, जिसे वो कभी भूल नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हर दिन PDA की नई परिभाषा गढ़ने लगते हैं। अखिलेश के PDA का सही अर्थ ‘पहले दंगा, फिर अपराध’ है। लेकिन उत्तर प्रदेश दंगा प्रदेश नहीं बनना चाहता, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बहुत विकास किया है।
‘राज्यसभा चुनाव में दलित समाज करता रहा इंतजार’
दिनेश सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में अति-पिछड़ा और दलित समाज इंतजार करता रह गया लेकिन अखिलेश यादव को सिर्फ अपना परिवार नजर आया। उन्होंने कहा कि अखिलेश के शासनकाल में सपा के गुंडों ने दलित महापुरुषों की मूर्तियों को खंडित किया और सपा मंत्रिमंडल ने महापुरुषों के नाम पर बने जनपदों और संस्थानों के नाम बदलने का काम किया। बहन मायावती को स्टेट गेस्ट हाउस में अपमानित करने का काम भी सपाई गुंडों ने किया।
‘अखिलेश यादव के DNA में दलित उत्पीड़न’
भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के डीएनए में दलित उत्पीड़न भरा हुआ है। सपा की नीति और नीयत दोनों दलित विरोधी हैं। अंकुश ने कहा कि उत्तर प्रदेश का दलित समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों पर पूर्ण विश्वास जताते हुए मजबूती के साथ भाजपा के साथ खड़ा है। 2017 के चुनाव में दलितों के पूर्ण सहयोग से ही सपा की उत्तर प्रदेश से विदाई हुई थी, जिसके कारण अखिलेश यादव आज तक सत्ता से बाहर हैं।
‘योगी सरकार ने दलितों को आवास और रोजगार दिया’
अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में दलितों को पक्के आवास, आयुष्मान भारत योजना का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच, मुफ्त राशन और स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से स्वरोजगार व रोजगार से जोड़ा गया है, जिससे आज दलित युवा उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार दे रहे हैं।
टैक्स जमा करने का एक और मौका, यूपी में OTS योजना की समयसीमा बढ़ी



