गुरु पूर्णिमा पर वाराणसी से शुरू होगा भाजपा का ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’
वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से 29 जुलाई, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा का राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू होगा। 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में चलने वाले इस अभियान के तहत कलश वंदन, समरसता यात्रा, संत संपर्क, छात्रावास संपर्क और दीपोत्सव सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
वाराणसी : संत शिरोमणि सद्गुरु श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का भव्य शुभारंभ 29 जुलाई 2026, गुरु पूर्णिमा को संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से होगा और विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला 20 फरवरी 2027, माघ पूर्णिमा एवं संत रविदास जयंती तक चलेगी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं डेरा सच्चखण्ड बल्ला के प्रमुख एवं संत रविदास जन्मस्थली के प्रमुख पूज्य संत श्री गुरु निरंजन दास महाराज जालंधर की विशेष उपस्थिति रहेगी।अभियान को लेकर सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने विस्तृत जानकारी दी।
लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके ‘बेगमपुरा’ के समतामूलक आदर्श, सेवा, भक्ति और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों में सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सर्व समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज का दिखाया मार्ग ही ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल आधार है और यह अभियान सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का व्यापक जनआंदोलन बनेगा। उन्होंने बताया कि अभियान को लेकर 19 जुलाई को दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यशाला, जबकि 20 से 23 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। 25 से 27 जुलाई तक जिला स्तरीय कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
पांच चरणों में चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
लाल सिंह आर्य ने बताया कि अभियान के तहत पांच प्रमुख चरणों में कार्यक्रम होंगे। 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान’ राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक चलेगा। वहीं 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ जालंधर से काशी तक निकाली जाएगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान’ चलाया जाएगा।
28 जुलाई को 131 कलशों के साथ होगा माटी पूजन
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि अभियान के शुभारंभ को लेकर वाराणसी में 28 और 29 जुलाई को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 28 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली पर पावन माटी का संग्रह और माटी पूजन होगा। इसके बाद वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी के स्मारक स्थल से 131 कलशों के साथ जन्मभूमि मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और कलशों का विधिवत पूजन होगा। देश के विभिन्न प्रदेशों तथा उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से कलश संग्रह टोलियां वाराणसी पहुंचेंगी और 131 कलशों की पूजा में शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन सीर गोवर्धनपुर से अभियान का औपचारिक शुभारंभ होगा। संत-महात्माओं और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में पावन मिट्टी युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा।
असीम अरुण ने बताया कि अतिथिगण सबसे पहले संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली मंदिर में पूजन करेंगे और इसके बाद स्मारक स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और समरसता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत देशभर के रविदास मंदिरों, छात्रावासों और गांवों में गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रविदास घाट पर 11 हजार दीपों से होगा दीपोत्सव
अभियान के तहत ‘गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान’ भी चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत श्री रविदास घाट पर 11,000 दीप तथा श्री रविदास स्मारक स्थल पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। 29 जुलाई को देशभर के संत श्री गुरु रविदास महाराज के मंदिरों के साथ ही भाजपा के सभी मंडल स्तर पर भी दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता का संचालन काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने किया। इस अवसर पर काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधायक टी. राम, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,मीडिया सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर उपस्थित रहे।
सीर गोवर्धन में कल बजेंगे ढोल नगाड़े शंख, निकलेगी भव्य शोभायात्रा



