Varanasi

वाराणसी में 7 अगस्त को लायंस इंटरनेशनल का बड़ा आयोजन, जानिए क्या होगा

वाराणसी में 7 अगस्त 2026 को लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-ई का अधिष्ठापन समारोह आयोजित होगा। समारोह में लगभग 500 सदस्यों को पद एवं सेवा की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर 150 दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल, महिलाओं को सिलाई मशीनें तथा जरूरतमंदों को सहायक उपकरण वितरित कर सेवा एवं सामाजिक समर्पण अभियान की शुरुआत की जाएगी।

वाराणसी। विश्व की अग्रणी समाजसेवी संस्था लायंस इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 321-ई का अधिष्ठापन समारोह 7 अगस्त 2026 को वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। समारोह में उप मंडलाध्यक्ष प्रथम एवं द्वितीय सहित लगभग 500 लायन सदस्यों को पद एवं सेवा की शपथ दिलाई जाएगी।

लायंस इंटरनेशनल की स्थापना 7 जून 1917 को अमेरिका के शिकागो शहर में हुई थी। वर्तमान में यह संस्था विश्व के अनेक देशों में सक्रिय है और इसके लगभग 14 लाख सदस्य विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों में योगदान दे रहे हैं। स्थापना के समय से ही संस्था मानव सेवा के लिए समर्पित रही है तथा बदलती सामाजिक आवश्यकताओं के अनुरूप अपने अंतरराष्ट्रीय सेवा कार्यक्रमों का लगातार विस्तार करती रही है।

संस्था के प्रमुख सेवा कार्यों में अंधत्व निवारण, बाल कैंसर सहायता, पर्यावरण संरक्षण, भूख निवारण, युवा जागरूकता, मधुमेह नियंत्रण तथा अन्य जनकल्याणकारी अभियान शामिल हैं। वर्ष 1925 से लायंस इंटरनेशनल ने अंधत्व निवारण को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया और आज यह दृष्टिबाधित लोगों की सेवा करने वाले विश्व के अग्रणी संगठनों में गिनी जाती है। संस्था द्वारा विभिन्न स्थानों पर नेत्र चिकित्सालयों की स्थापना के साथ नियमित रूप से नेत्र जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं।

अधिष्ठापन समारोह के अवसर पर सेवा कार्यों की एक विशेष श्रृंखला का शुभारंभ भी किया जाएगा। संस्था ने लगभग 1000 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से सिलाई मशीनें वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रथम चरण में 7 अगस्त को 150 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, महिलाओं को सिलाई मशीनें तथा अन्य जरूरतमंदों को आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि लायंस इंटरनेशनल का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना भी है। इसी सेवा और समर्पण की भावना के साथ अधिष्ठापन समारोह के दिन इस जनकल्याण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से इस सेवा अभियान से जुड़कर समाजहित के कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील भी की।

किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, गोबरधन योजना को मिली मंजूरी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button