बनारस के स्वच्छता मॉडल के मुरीद हुए बंगाल के मंत्री
पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री उमेश राय ने वाराणसी नगर निगम के स्वच्छता मॉडल, स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली का निरीक्षण किया। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर उन्होंने कूड़ा प्रबंधन, वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं और चार घंटे में शिकायत निस्तारण करने वाले व्हाट्सएप चैटबॉट सिस्टम की जानकारी प्राप्त की।
वाराणसी : पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री उमेश राय सोमवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बनारस नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्वच्छता मॉडल का बारीकी से अध्ययन किया। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचे बंगाल के मंत्री ने देखा कि किस प्रकार सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और निगरानी की जा रही है।
इस दौरान उन्होंने महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर यह समझने का प्रयास किया कि बनारस ने इतने कम समय में स्वच्छता के क्षेत्र में इतनी बड़ी सफलता कैसे हासिल की। मंत्री ने कूड़ा सेग्रीगेशन (गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग करने) की प्रक्रिया, वेस्ट टू चारकोल, वेस्ट टू एनर्जी तथा वेस्ट टू कंपोस्ट (खाद) प्लांट के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बनारस नगर निगम की कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि आज काशी में चारों ओर स्वच्छता स्पष्ट दिखाई देती है। बातचीत के दौरान महापौर ने उन्हें नगर निगम के इनोवेटिव वॉट्सएप चैटबॉट सिस्टम की जानकारी दी।
महापौर ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत फिलहाल शहर के 25 वार्डों में कूड़ा उठान सहित 14 प्रकार की नागरिक समस्याओं का निस्तारण महज चार घंटों के भीतर किया जा रहा है। इससे पूर्व सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी के सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बंगाल के नगर विकास मंत्री को पुष्पगुच्छ (बुके) भेंटकर उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्या, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, अमरदेव यादव तथा मदन मोहन दुबे समेत कई अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वाराणसी नगर निगम: नरसिंह दास चौथी बार निर्विरोध उपसभापति चुने गए



