देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने भारतीय अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए ‘पीएम केयर्स फंड’ में 50,000 डॉलर (करीब 37 लाख रुपये) डोनेट करने का ऐलान किया है। उन्होंने इस घोषणा के साथ भारत के लोगों के लिए एक प्यारा मैसेज भी ट्विटर पर शेयर किया है। कमिंस द्वारा दिया गया यह सहयोग दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों के परस्पर सौहार्द को बढ़ाते हुए दर्शाता है कि अगर समूचा विश्व एकजुट होकर इस महामारी से लड़े, तो जल्द ही इस वायरस को हराया जा सकता है।
कमिंस द्वारा उठाये गए इस कदम को सोशल मीडिया पर भी खूब सराहना मिल रही है। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर #ThanksPat ट्रेंड भी कर रहा है। इसके अलावा कमिंस के इस ट्वीट पर 4 लाख से अधिक लोग अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।
Australian cricketer @patcummins30 donated $50,000 in PM Cares Fund to purchase oxygen supplies for India's hospitals. pic.twitter.com/iETxxzENX7
— PB-SHABD (@PBSHABD) April 26, 2021
ट्वीट में कमिंस ने लिखा प्यारा मैसेज
27-वर्षीय तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने ट्विटर पर एक नोट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, “भारत एक ऐसा देश है, जिसे मैं सालों से प्यार करता आया हूं। यहां के लोग सबसे ज्यादा गर्मजोशी के साथ मिलते हैं।
इस वक्त लोग काफी परेशानियों से गुजर रहे हैं और यह जानकर काफी दुख हुआ। इस बात पर काफी चर्चा हुई है कि क्या कोविड के दौर में आईपीएल को जारी रखना उचित है। मुझे बताया गया कि भारत सरकार का मानना है कि कोरोना और लॉकडाउन के इस मुश्किल वक्त में आईपीएल लोगों के मनोरंजन का जरिया बन रहा है।”
— Pat Cummins (@patcummins30) April 26, 2021
कमिंस ने आगे लिखते हुए कहा कि, “खिलाड़ियों के रूप में हमें एक ऐसा मंच मिला है, जिससे हम लाखों लोगों तक आसानी से पहुंच सकते हैं। इस मंच का इस्तेमाल हम अच्छे कामों के लिए कर सकते हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए, मैंने विशेष रूप से भारत में अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए” पीएम केयर्स फंड “में योगदान दिया है।” उन्होंने कहा, “मैं अपने आईपीएल के अपने सभी साथी खिलाड़ियों को योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।”



