Sports

विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं अदिति

बर्लिन : युवा भारतीय तीरंदाज़ अदिति स्वामी और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने विश्व तीरंदाज़ी चैंपियनशिप की महिला कंपाउंड एकल प्रतियोगिता में शनिवार को क्रमशः स्वर्ण और कांस्य पदक हासिल किये।पिछले महीने जूनियर विश्व चैंपियन बनने वाली अदिति फाइनल में मेक्सिको की आंद्रेया बेकेरा को 149-147 से हराकर सीनियर विश्व चैंपियनशिप में एकल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गयीं।

इससे पूर्व, 17 वर्षीय अदिति ने सेमीफाइनल में अपनी हमवतन ज्योति को 149-145 से हराया। ज्योति ने हालांकि इस हार से शानदार तरीके से उभरते हुए कांस्य पदक मैच में तुर्कीये की इपेक तोमरुक को 150-146 से मात दी।उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को अदिति, ज्योति और परनीत कौर की भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने विश्व चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण जीता था।दिन के आगामी मुकाबलों में भारत के ओजस प्रवीण देओतले पुरुष एकल कंपाउंड प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल में पोलैंड के ज़ेमिस्लाव कोनेकी का सामना करेंगे।

विश्व चैंपियन महिला कंपाउंड टीम को मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व तीरंदाज़ी चैंपियनशिप में भारत के लिये पहला स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला कंपाउंड टीम को बधाई दी है।प्रधानमंत्री ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, “भारत के लिये यह गर्व का क्षण है। हमारी असाधारण महिला कंपाउंड टीम ने बर्लिन में आयोजित विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारत को उसका पहला स्वर्ण पदक दिलाया है। हमारे चैंपियन्स को बधाई! उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण यह उत्कृष्ट परिणाम आया है।

“उल्लेखनीय है कि वी. ज्योति सुरेखा, अदिति स्वामी और परनीत कौर की भारतीय तिकड़ी ने शुक्रवार को बर्लिन में कंपाउंड महिला टीम फाइनल में मेक्सिको पर 235-229 की शानदार जीत दर्ज कर विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में देश को उसका पहला स्वर्ण पदक दिलाया।पहले राउंड में बाई मिलने के बाद भारत ने तुर्की, चीनी ताइपे और कोलंबिया को हराकर फाइनल में कदम रखा था। विश्व अंडर-21 और अंडर-18 खिताब जीतने वाले भारतीय तीरंदाजों ने कभी भी सीनियर स्तर पर विश्व खिताब नहीं जीता था। (वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button