
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने की आत्महत्या,परिवार में मचा कोहराम, पिता की हालत बिगड़ी
प्रधानमंत्री ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 34 वर्ष के थे। पश्चिमी क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज शर्मा ने बताया, ‘‘उन्होंने बांद्रा में अपने आवास पर आत्महत्या कर ली। हमारी टीम वहां है।’’ बड़े पर्दे पर राजपूत की आखिरी फिल्म नितेश तिवारी निर्देशित ‘‘छिछोरे’’ थी।
गौरतलब है कि उनकी मैनेजर 28 वर्षीय दिशा सालियान ने नौ जून को एक इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। टेलीविजन धारावाहिक ‘‘पवित्र रिश्ता’’ में निभाए किरदार से मशहूर हुए अभिनेता ने 2013 में ‘‘काई पो छे!’’ से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने ‘‘शुद्ध देसी रोमांस’’, ‘‘एम एस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’’, ‘‘राबता’’, ‘‘केदारनाथ’’ और ‘‘सोनचिड़िया’’ जैसी फिल्मों में काम किया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत … एक प्रतिभाशाली युवा अभिनेता ने बहुत जल्द दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने टीवी सीरियलों और फिल्मों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मनोरंजन की दुनिया में उनके अभ्युदय ने कई लोगों को प्रेरित किया और वह अपनी कई यादगार भूमिकाओं के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी गहरी संवदेनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।’
धोनी’ के रूप में सुशांत सिंह राजपूत की भूमिका अमर रहेगी : अखिलेश यादव
लखनऊ । बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्हों ट्वीट कर लिखा है कि लोकप्रिय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का यूँ अचानक जाना हिंदी फ़िल्म जगत और उनके चाहनेवालों के लिए अत्यंत दुखद एवं स्तब्धकारी है… ‘धोनी’ के रूप में उनकी भूमिका हमेशा अमर रहेगी। लोकप्रिय अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का यूँ अचानक जाना हिंदी फ़िल्म जगत और उनके चाहनेवालों के लिए अत्यंत दुखद एवं स्तब्धकारी है… ‘धोनी’ के रूप में उनकी भूमिका हमेशा अमर रहेगी.
सुशांत सिंह के मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम, पिता की हालत बिगड़ी
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मौत की खबर जैसे ही उनके पिता केके सिंह को मिली वह बेसुध हो गए। सुशांत के पिता पटना में ही रहते हैं। उन्हें फोन पर बेटे के निधन की खबर मिली। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पिता की हालत सबसे ज्यादा खराब है। वह कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं हैं।
सुशांत सिंह राजपूत के मौत की खबर सुनते ही पटना के राजीवनगर स्थित उनके घर के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई। इस बीच सुशांत सिंह के एक रिश्तेदार, जो खुद को सुशांत का मामा बता रहे थे, उन्होंने कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कहना चाहता हूं कि सुशांत सिंह कभी आत्महत्या नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा कि मैं इस मामले को लेकर केंद्र सरकार से मांग करना चाहता हूं कि वो देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी से इसकी पड़ताल कराए। उन्होंने आगे कहा कि मुझे महाराष्ट्र सरकार पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। वहां मौजूद कई अन्य लोगों ने भी यही कहा कि सुशांत सिंह आत्महत्या कर ही नहीं सकता है।
रविवार को सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई स्थित अपने घर पर खुदकुशी कर ली। मुंबई पुलिस के एडिशनल सीपी मनोज कुमार ने मधु पाल से सुशांत सिंह सुशांत की आत्महत्या किए जाने की बात की पुष्टि की। हालांकि आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है।
मुंबई पुलिस के सूत्रों का कहना है कि उनके फ्लैट से कुछ दवाइयां मिली हैं, जिससे लगता है कि वह पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन का इलाज करवा रहे थे। अभी तक उनके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सुशांत की मौत की खबर आते ही पूरा बॉलीवुड और उनके फैन्स सकते में आ गए। बांद्रा में जिस सोसायटी में सुशांत रहते थे, वहां बाहर भीड़ जमा हो गई है। कई अभिनेता, राजनेता और फैन्स सोशल मीडिया के माध्यम से सुशांत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। गौरतलब है कि उनकी पूर्व मैनेजर 28 वर्षीय दिशा सलियन ने 8 जून को मलाड की एक इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी।


