National

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति ने शिंजो आबे के निधन पर जताया दुख

नई दिल्ली । राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर दुख जताते हुए दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया है।राष्ट्रपति ने ट्वीट संदेश में कहा कि विश्वास करना मुश्किल है कि शिंजो आबे नहीं रहे। वह एक महान राजनेता थे और अपने मिलनसार व्यवहार के चलते उन्हें दुनियाभर में पसंद किया जाता था। वह एक हत्यारे की गोली का शिकार हुये यह पूरी मानवता के लिए एक त्रासदी है।

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट संदेश में कहा, “जापान के पूर्व प्रधानमंत्री श्री शिंजो आबे के निधन से दुखी हूं। श्री आबे ने भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार के सदस्यों और जापान के लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।”लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आबे के निधन पर कहा कि वे इस खबर से दुखी हैं। एक वरिष्ठ राजनेता और लोकप्रिय नेता आबे को भारत-जापान संबंधों के स्तंभ के रूप में याद किया जाएगा। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जापान के पूर्व प्रधान मंत्री और भारत के मित्र शिंजो आबे की हत्या के बारे में जानकर दुख हुआ है। भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के उनके प्रयास हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि आज का दिन जापान, भारत, दुनिया और उनके लिए व्यक्तिगत रूप से एक दुखद दिन है। उनकी शिंजो आबे से जुड़ी 25 वर्षों की यादें हैं। उन्हें व्यक्त करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।

शिंजो आबे के निधन पर योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख नेताओं ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा दुख जताया है।मुख्यमंत्री योगी ने ट्विटर पर कहा कि भारत-जापान मैत्री को नई ऊंचाई तक पहुंचाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिजनों एवं जापान वासियों के साथ हैं। परमपिता दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति!

उप मुख्यमंत्री मौर्य ने ट्वीट में कहा कि शिंजो आबे की नृशंस हत्या की दुःखद सूचना से हतप्रभ हूं। लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। यह घटना अत्यंत निंदनीय एवं कायराना है। तथागत भगवान बुद्ध से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें।उप मुख्यमंत्री पाठक ने ट्वीट किया कि भारत-जापान के बीच मैत्री संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए अहम भूमिका निभाने वाले भारत के अभिन्न मित्र एवं भारत-जापान एसोसिएशन के अध्यक्ष, पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों एवं समर्थकों को संबल प्रदान करें।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीडि़त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।श्री गांधी ने ट्वीट किया “जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन से गहरा दुख हुआ। भारत और जापान के बीच सामरिक संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका सराहनीय रही। वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक स्थायी विरासत छोड़ गए हैं।

उनके परिवार और जापान के लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, “अपने मित्र तथा जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे पर हमले की खबर से गहरा धक्का लगा। मैं आबे और उनके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।”

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button