
देश में कोरोना की रफ्तार आए दिन बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़े के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना के 33,750 नए मामले सामने आए हैं जो कि एक दिन पहले आए मामलों से 22.5 फीसदी अधिक है। जबकि इस दौरान 123 लोगों की मौत हो गई। हालांकि इस दौरान लगभग 10,846 लोग स्वस्थ भी हुए। सबसे अधिक चिंता करने वाली बात यह है कि सक्रिय मामले 1,45,582 हो गए हैं। देश में कुल स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या की बात करें तो यह 3,42,95,407 हो गई है जबकि अब तक कुल 4,81,893 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 145 करोड़(1,45,68,89,306) को पार कर गया। मौजूदा वक्त में रिकवरी रेट 98.20 फीसदी है। संक्रमण दर की बात की जाए तो दैनिक संक्रमण दर 3.84 फीसदी है जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.68 फीसदी है।
देश में ओमिक्रोन के कुल 1700 मामले
देश में ओमिक्रोन के कुल 1700 मामले हो गए हैं वहीं 510 मरीजों के साथ महाराष्ट्र टॉप पर बना हुआ है। जबकि दिल्ली की बात करें तो यहां कुल 361 मरीज हैं। वहीं 156 मरीजों के साथ केरल तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं अन्य राज्य की बात करें तो गुजरात(136), तमिलनाडु (121), राजस्थान (120), तेलंगाना(67), कर्नाटक(64) हरियाणा (63), ओडिशा (37),पश्चिम बंगाल(20), आंध्र प्रदेश (17), मध्य प्रदेश (9), उत्तर प्रदेश (8), उत्तराखंड (8), चंडीगढ़ (3), जम्मू-कश्मीर (3), अंडमान एवं निकोबार (2), गोवा (1), हिमाचल प्रदेश (1), लद्दाख (1), मणिपुर (1) और पंजाब में 1 मामला दर्ज किया गया है।
ओमिक्रॉन आने के बाद भारत में तेजी से बढ़े कोविड-19 के नए रोगियों की संख्या को देखते हुए कई राज्यों ने आंशिक लॉकडाउन और विभिन्न प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है। दिल्ली में यलो अलर्ट घोषित होने के बाद यहां स्कूल, कॉलेज, जिम, सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए। मेट्रो व बसों में यात्रियों की संख्या सीमित की गई है। मास्क लगाने के लिए सख्ती हो रही है। बाजार, दुकानों व मॉल में भीड़ रोकने के लिए रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। रेस्टोरेंट सुबह 8 से रात 10 बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता पर ही चलाए जा सकते हैं। प्राइवेट ऑफिस में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक 50 प्रतिशत ही स्टाफ बुलाने को कहा गया है।
महाराष्ट्र रात में रहेगा कर्फ्यू
राज्य में रात 9 से सुबह 6 बजे के लिए कर्फ्यू लगा है। सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, स्पा, जिम आदि को अधिकतम 50 प्रतिशत पर चलाने के लिए कहा गया है। पर्यटन स्थलों पर 5 से ज्यादा लोग जमा होने या कोविड नियम तोड़ने पर 500 रुपए जुर्माना वसूला जा रहा है । विवाह अन्य आयोजनों में अधिकतम 50 मेहमानों को ही बुलाने की अनुमति है।
हरियाणा : सिनेमा हॉल बंद
यहां स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए। कई जिलों में सिनेमा हॉल व खेल आयोजन स्थल भी बंद करने के लिए कहा गया है। गुड़गांव, फरीदाबाद, अंबाला, सोनीपत जैसे जिलों में सरकारी व प्राइवेट ऑफिस में 50 प्रतिशत स्टाफ को ही अनुमति दी गई है।
यूपी: नाइट कर्फ्यू , आठवीं तक स्कूल भी बंद
प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए नाइट कर्फ्यू लग चुका है। शीत लहर की वजह से आठवीं कक्षा तक के सरकारी स्कूल भी 14 जनवरी तक बंद रहेंगे, इस आदेश के पीछे ओमिक्रोन के खतरे को भी माना जा रहा है।
राजस्थान सरकारी कर्मचारी को 2 डोज अनिवार्य
तेजी से बढ़े मामलों के बाद 31 जनवरी तक होटल , सरकारी ऑफिस आदि में काम करने वाले नागरिकों के लिए टीके की 2 डोज अनिवार्य की गई हैं। 1 फरवरी से दोनों डोज नहीं लेने वालों को सरकारी सुविधाएं नहीं मिलेंगी।
पश्चिम बंगाल : दिल्ली, मुंबई की उड़ानों पर पाबंदी
बंगाल सरकार ने दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट को केवल सोमवार और शुक्रवार को उड़ान भरने की अनुमति दी है। शॉपिंग मॉल और बाजार भी 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खुले रहेंगे। साथ ही पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है।
एक दिन में 284 संक्रमितों की मौत
देश में रविवार सुबह एक दिन में कोरोना के मामलों में पांच हजार की वृद्धि हुई है। 27,553 नए मामलों के साथ में संक्रमितों की तादाद 3,48, 89, 132 हो गई। वहीं संक्रमण से एक दिन में 284 मरीजों की मौत हुई है, जिनमें सबसे ज्यादा केरल में 241 मौत हुई है।



