
बोलेरो-ट्रक हादसे में घायल माया की भी हुई चौथी मौत,दो वमासूम बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया
दुद्धी, सोनभद्र – दुद्धी-हाथीनाला मार्ग पर सोमवार को बोलेरो व ट्रक के बीच हुए भीषण टक्कर में घायल बोलेरो सवार 38 वर्षीय माया पत्नी स्व.दीपक की भी देर रात ट्रामा सेंटर वाराणसी में मौत हो गई।माया की मौत की खबर से घर में मातम छा गया।उधर माया की मौत के साथ ही उसके दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया भी उठ गया है।इस दुर्घटना में शामिल छः में से दो बच्चों को छोड़, सभी चार लोगों की मौत हो गयी ।
बतादें कि सोमवार को दुद्धी से दीपक अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ विंध्याचल मिर्जापुर जा रहे थे। इस बीच हाथीनाला डाक बंगला के निकट सामने से आते हुए ट्रक से उनके बोलेरो की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें 45 वर्षीय दीपक सहित उनकी पत्नी 38 वर्षीय माया,अमरदीप 23 वर्ष पुत्र शोभनाथ, दयाशंकर ड्राइवर निवासी जाबर 30 वर्ष, सिद्धार्थ पुत्र दीपक 5 वर्ष को गंभीर रूप से चोटें आईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉक्टर संजीव ने जांच के उपरांत दीपक को मृत घोषित कर दिया था। बाकी सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल पहुंचने पर वहां से भी सभी घायलों को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रिफर कर दिया गया था। इस बीच रात्रि 8 बजे ड्राइवर दयाशंकर की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी।
ट्रामा सेंटर पहुंचने पर गंभीर रूप से घायल अमरदीप व उसकी बुआ माया को तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता थी। लेकिन वेंटिलेटर खाली ना होने की दशा में चिकित्सक ऑपरेशन नहीं कर पा रहे थे। बाद में स्थानीय स्तर पर पत्रकारों के विशेष प्रयास से पीएमओ व सीएम कार्यालय से मिले आदेश के बाद चिकित्सकों ने मंगलवार की रात्रि 12:00 बजे अमरदीप व माया का ऑपरेशन करना शुरू किया लगभग 2 घंटे तक चले ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद बुधवार की सुबह अमरदीप की मौत हो गई। जबकि उनकी बुआ माया भी गुरुवार की देर रात जिंदगी की जंग हार गई। उनका लड़का सिद्धार्थ 5 वर्ष अभी भी ट्रामा सेंटर में जिंदगी व मौत से जूझ रहा है।वहीं चार जिन्दगियां फना कर देने वाली इस भीषण दुर्घटना में दीपक व माया की 3 वर्षीय बच्ची को खरोंच तक नही आई। माया व दीपक की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां बाप का साया उठ गया है।



