
आईपीएल पर कोरोना का साया : केकेआर बनाम आरसीबी का मैच रद्द…
कोलकाता के दो खिलाडी कोरोना संक्रमित...
अहमदाबाद । पूरे भारत में कोरोना ने कोहराम मचा रखा है। अब इसका असर इंडियन प्रीमियर लीग पर भी नजर आ रहा है। कोरोना संक्रमण के चलते सोमवार को होने वाले कोलकाता नाइट राइडर्स और बेंगलुरु के मैच को रद्द कर दिया गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलकाता के दो खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव मिले, जिसके बाद ये फैसला लिया गया है। दरअसल कोलकाता के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज संदीप की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
आईपीएल के 14वें सीजन के 30वें मैच में सोमवार को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होना था। कोरोना के संक्रमण काल में बीसीसीआई ने मजबूत `बायो-बबल` का हवाला दिया था, जिसके बाद अब तक 29 मैच सफलतापूर्वक कराए गए। चेन्नई और मुंबई के चरणों के सभी मैच पूरे हुए। लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सीजन के 30वें मैच को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।



