
कोरोना के क्रूर दैत्य ने राजन, साजन की जोड़ी भी तोड़ दी
कोरोना पीड़ित पद्मभूषण पंडित राजन मिश्र को पड़ा दिल का दौरा , दिल्ली में हुई मौत
वाराणसी। देश के नवरत्नों में शामिल शास्त्रीय संगीत के सर्वोच्च कलाकार पद्मभूषण पंडित राजन मिश्रा को आज दिल का दौरा पड़ा,शाम को साढ़े6बजे दिल्ली में उनकी मौत हो गई। खबरों में बताया गया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के सेंट स्टीफंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके पहले ट्विटर पर उनके लिए बेड की मांग की गई जिस को संज्ञान में लेकर एक आईएएस अधिकारी ने तत्काल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वह पहले से कोरोना पॉजिटिव बताये भी गये।
बता दें कि पंडित राजन मिश्र एवं साजन मिश्र भारत के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक हैं। इन्हें सन 2007 में भारत सरकार द्वारा कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। इनका सम्बन्ध बनारस घराने से है। कबीरचौरा इलाके में रहकर इन्होंने संगीत साधना की। राजन की मौत के बाद शास्त्रीय संगीत के पुरोधा साजन मिश्र अकेले हो गए हैं। राजन व साजन मिश्र की जोड़ी पूरे विश्व में मशहूर थी।
राजन मिश्र के निधन पर संस्कृति मंत्री,विधायक समेत तमाम लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पर्यटन संस्कृति धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉक्टर नीलकंठ तिवारी,व कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने राजन मिश्रा के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते अपनी श्रद्धांजलि दी हैं। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि स्व0राजन मिश्रा का निधन न केवल बनारस की क्षति है अपितु ये संगीत की अपूरणीय क्षति है। राजन मिश्र बनारसीपन के प्रतीक व सांस्कृतिक धरोहर थे। उनके मौत की खबर से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई । भाजपा व कांग्रेस समेत तमाम दलों के नेताओं ने भी उनके मौत पर शोक जताया ।



