
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को टीम-11 के साथ वर्चुअल बैठक में कोविड मरीजों की चिकित्सकीय सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन भी 16 मई तक स्थगित कर दिया गया है।
10 नए ऑक्सीजन प्लांट होंगे स्थापित
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारू है। इसके बावजूद प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अतिशीघ्र 10 नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस कार्य में डीआरडीओ का सहयोग मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के लिए स्थान चिन्हित करके आज से ही युद्धस्तर पर कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। इस पूरी कार्यवाही पर स्वास्थ्य मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य को सीधी नजर रखने को कहा है।
Uttar Pradesh government has decided to construct 10 oxygen plants to ensure an uninterrupted supply of oxygen to hospitals, due to an increase in the number of covid patients. DRDO team will assist the state administration in this task.@DRDO_India @UPGovt
— PB-SHABD (@PBSHABD) April 17, 2021
अवध शिल्प ग्राम में तैयार होगा कोविड अस्पताल
उन्होंने बताया कि लखनऊ स्थित अवध शिल्प ग्राम में एचएएल के सहयोग से एक नया सभी सुविधाओं वाला कोविड अस्पताल तैयार किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग एचएएल से समन्वय स्थापित कर इसे तत्काल चालू करें। उन्होंने बताया कि रविवार को घोषित साप्ताहिक बन्दी कोविड संक्रमण का प्रसार कम रखने के लिए लागू किया जा रहा है। सभी जनपदों में इसे प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में दिए गए निर्देश
>इस अवधि में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं हो सकेंगी। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र दिखाकर आवागमन कर सकेंगे।
>सार्वजनिक परिवहन आधी क्षमता के साथ संचालित किए जाएं। साप्ताहिक बन्दी के दौरान औद्योगिक इकाइयों को बंदी से छूट होगी।
>सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं तथा आवश्यक सेवाओं को छोड़कर, जनरल ओपीडी का संचालन स्थगित किया जाए।
>टेलीमेडिसिन को प्रोत्साहित किया जाए, ई-संजीवनी एप का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
>आवश्यकतानुसार अधिकाधिक लोग टेलीमेडिसिन का लाभ ले सकें, इसके लिए चिकित्सकों के नाम, विशेषज्ञता आदि के सम्बंध में विधिवत प्रचार-प्रसार कराया जाए।
>साप्ताहिक बन्दी के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक सेवाएं एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति यथावत जारी रहेगी।
>इस अवधि में स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन का वृहद अभियान चलाया जाए।
>पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी का कार्य संचालित होता रहेगा।
>साप्ताहिक बंदी के दौरान शादी-विवाह आदि के पूर्व निर्धारित कार्य कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सम्पन्न होंगे।
>बंद हॉल में अधिकतम 50 एवं खुले मैदान पर होने वाले आयोजनों में अधिकतम 100 लोग ही उपस्थित हो सकते हैं।
>सभी जनपदों के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की अनवरत आपूर्ति बनी रहे। ऑक्सीजन उपलब्धता की दैनिक समीक्षा करें।
>प्रत्येक जनपद में चिकित्सा कर्मियों, कोविड बेड, दवाओं, मेडिकल उपकरणों तथा ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता हमेशा बनी रहे।
>एम्बुलेंस सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो। किसी प्रकार की आवश्यकता पर शासन को अवगत कराएं।
रेमिडसिविर सहित किसी भी प्रकार के जीवन रक्षक दवाओं की कमी नहीं
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग रेमिडेसिविर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि सभी अस्पतालों में अगले 36 घंटों के लिए अनुमानित ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। रेमिडसिविर सहित किसी भी प्रकार के जीवन रक्षक दवाओं की कोई कमी नहीं है। सभी जिलों में इनकी उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं है। इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग राज्य मंत्री अतुल गर्ग करेंगे। उन्होंने कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों में जहां ऑक्सीजन सिलेंडरों की कमी के कारण आईसीयू बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, ऐसे संस्थानों को राज्य सरकार द्वारा सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। इस व्यवस्था को डीजी मेडिकल एजुकेशन सुनिश्चित करेंगे।
कोविड प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि कोविड प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सभी जनपदों में क्वारन्टीन सेंटर संचालित किए जाएं। क्वारन्टीन सेंटरों में आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ-साथ भोजन और शयन की समुचित व्यवस्था हो। दूसरे प्रदेशों से आ रहे लोगों का समुचित टेस्ट कर आवश्यकतानुसार क्वारेंटाइन किया जाए।



