
अपने 16 दिनों के दौरे पर गई भारतीय टीम ने मंगलवार को ओलंपिक विजेता अर्जेंटीना को ब्यूनस आयर्स में आयोजित पहले अभ्यास मैच में 4-3 से हराकर एक शानदार शुरुआत की। भारत के लिए इस मैच में नीलकंठ शर्मा (16′), हरमनप्रीत सिंह (28′), रुपिंदर पाल सिंह (33 ‘) और वरुण कुमार (47’) ने गोल किये, जबकि अर्जेंटीना के लिए लिएंड्रो टोलिनी (35 ‘और 53’) और मैको कैसला (41) ने गोल किए। इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के डिफेंडर्स ने शानदार खेल दिखाया। भारत और अर्जेंटीना के बीच दूसरा अभ्यास मैच बुधवार 7 अप्रैल को रात 8:30 बजे खेला जाएगा।
बताना चाहेंगे, इस दौरे पर भारत को अर्जेंटीना के खिलाफ कुल 6 अभ्यास मैच खेलने हैं, जिसमें 11 और 12 अप्रैल का डबल हैडर एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैच भी शामिल हैं।
(https://twitter.com/DDNewslive/status/1379502362805497859)
पहले क्वार्टर में बना रहा संतुलन
मैच के दौरान पहले क्वार्टर में जहां दोनों टीमें गेंद को हासिल करने के लिए सघर्षरत थीं, वहीं दूसरे हाफ में भारत ने तेजी से रफ्तार पकड़ी और अर्जेंटीना के घेरे में लगातार हमले करने शुरू किये। टीम के लिए नीलकंठ शर्मा ने 16वें मिनट में पहला गोल दागा। 1-0 की शुरुआती बढ़त के बाद भारत ने पूरे मैच में मेजबानों पर दबाव बनाये रखा। हालांकि अर्जेंटीना ने मैच के आखिरी मिनटों में पेनल्टी कॉर्नर हासिल करके भारत के आक्रामक खेल का जवाब देने की पूरी कोशिश की, लेकिन अनुभवी भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने मेजबानों को बराबरी करने से रोका और टीम को जीत दिलवाने में अहम भूमिका अदा की।
लगातार हमलों से संभल नहीं सके मेजबान
अर्जेंटीना ने तीसरे क्वार्टर में वापसी की कोशिश की। टीम के लिए 32वें मिनट में लिएंड्रो टोलिनी ने गोल किया, जिसका जवाब भारत ने अगले ही मिनट में जसकरन सिंह के सहयोग से मिली पेनल्टी कॉर्नर को हिट करके दिया। इसे अनुभवी ड्रैगफ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह ने मेजबानों के गोल पोस्ट में भेजते हुए भारत को 3-1 की बढ़त दिलाई। इस क्वार्टर में एक समय लग रहा था कि अर्जेंटीना की टीम बराबरी कर लेगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की सूझबूझ के चलते ऐसा नहीं हो सका। इसके बाद भारत के लिए 47वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे वरुण कुमार ने गोल में तब्दील किया। अर्जेंटीना के लिए 42वें मिनट में कासेला ने गोल किया।
(https://twitter.com/TheHockeyIndia/status/1379476616443654147)
आखिरी क्वार्टर में अर्जेंटीना ने की वापसी की कोशिश
अंतिम क्वार्टर में अर्जेंटीना के लिए टोलिनी ने गोल करके टीम को मैच में वापसी कराने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन किसी खिलाड़ी का सहयोग न मिलने के चलते टीम को 3-4 के स्कोर से हार का सामना करना पड़ा।



