
नई दिल्ली । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बजट सत्र के पहले दिन अपना अभिभाषण पढ़ना शुरू कर दिया है। कोरोना महामारी के दौर में हो रहे इस सत्र को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि नए दशक और नए साल का पहला सत्र है। उन्होंने कहा कि इसी के साथ हम भारत की आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, `महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में हमने अनेक देशवासियों को असमय खोया भी है। हम सभी के प्रिय और मेरे पूर्ववर्ती राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का निधन भी कोरोना काल में हुआ। संसद के 6 सदस्य भी कोरोना की वजह से असमय हमें छोड़कर चले गए।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण समेत संसद की संयुक्त बैठक के बहिष्कार का ऐलान कर कांग्रेस नीत संयुक्त विपक्षी दलों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि शुक्रवार से शुरू होने जा रहा बजट सत्र काफी हंगामाखेज रहेगा। किसान आंदोलन के नाम पर मोदी सरकार को घेरने की कमर विपक्षी दल पहले ही कस चुके हैं। इसे धार देने का काम करेगा बालाकोट एयर स्ट्राइक की कथित जानकारी पत्रकार को लीक होने का मसला।
इस बार कोरोना संक्रमण के कारण संसद की कार्यवाही दो पारियों में चलेगी। साथ ही ऐसा भी पहली ही बार होगा कि बजट की कॉपी आर्थिक सर्वेक्षण समेत अन्य दस्तावेज ऑनलाइन डिजिटल तरीके से उपलब्ध कराए जाएंगे। बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अपने दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट 1 फरवरी 2021 को पेश करने जा रही है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी तीसरी बार आम बजट पेश करेंगी।



