
पीएम किसान संवाद कार्यक्रम : महाराजगंज के रामगुलाब के सुनहरी शकरकंद की पीएम मोदी ने की तारीफ
लख़नऊ : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित कृषक भाइयों से संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई राज्यों के किसानों से कृषि कानूनों के मसले पर बात की। इस दौरान उन्होंने उत्तरप्रदेश के महराजगंज, अरुणाचल प्रदेश, उडीसा, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु तथा महराजगंज के एक-एक किसान से बात की। महराजगंज के बरगदबा राजा क्षेत्र में रहने वाले किसान रामगुलाब के सुनहरी शकरकन्द की खेती की तारीफ की।
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामगुलाब के बनाये किसान समूह का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि रामगुलाब से प्रेरणा लेते हुए किसान अपने गाँवों में किसान समूह बनाकर खेती करने के लिए आगे आयेंगे। रामगुलाब के पास एक एकड़ से कुछ अधिक खेती की जमीन है। उनके परिवार में दस लोग हैं और वह कुछ समय पहले तक गेहूं, धान तथा सब्जी की परंपरागत की खेती करते थे। अब उन्होंने एक एफपीओ बनाया है, जिसमें सौ किसान हैं।
इस बार रामगुलाब शकरकंद की खेती कर रहें है और अहमदाबाद की एक फर्म ने उनकी खेत में उगने वाली शकरकंद को 25 रूपये प्रति किलों के रेट से खरीदने का समझौता किया है। पहले उनको शकरकंद 10 से 15 रूपये प्रति किलों के रेट से बाजार जाकर बेचनी पडती थी। अब उनके घर से शकरकंद खरीदने वाली कंपनी शकरकंद ले जायेगी।
रामगुलाब ने प्रधानमंत्री को बताया नये कृषि क़ानून के चलते उनके जीवन में यह बदलाव आया है। उनके इस कथन को सुनकर प्रधानमंत्री ने कहा कि रामगुलाब की तरह किसान जब एफपीओ बनाकर खेती करने के लिए पहल करेंगे तो कृषि क्षेत्र में बड़ी क्रांति आयेगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों का आशीर्वाद बना रहे, ताकि हम विकास के कार्य इसी तरह से करते रहें।






