
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए गए। कुलसचिव की मानें तो प्रवेश के लिए काउंसिलिंग भी जल्द ही शुरू हो जायेगी। बीपीएड, एमपीएड और एलएलबी के प्रवेश परीक्षा परिणाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश परीक्षा का परिणाम देख सकते हैं। यह जानकारी विद्यापीठ के कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य ने दी। कुलसचिव ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के परिणाम सोमवार की शाम को वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। छात्र अनुक्रमांक, आवेदन पत्र संख्या और जन्मतिथि के साथ विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। काशी विद्यापीठ की प्रवेश परीक्षाएं चार अक्तूबर से 28 अक्तूबर तक आयोजित की गईं। 62 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 32 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। 33 पाठ्यक्रमों में आवेदकों की संख्या सीट के सापेक्ष कई गुना अधिक है। इसमें दाखिला प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर और 29 पाठ्यक्रमों में मेरिट से प्रवेश दिया जाएगा। कुलसचिव ने बताया कि काउंसिलिंग की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
समाजकार्य में शिक्षक मिले कोरोना संक्रमित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाजकार्य संकाय में शिक्षक के संक्रमित पाए गए हैं। कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि समाजकार्य संकाय में शिक्षक के संक्रमित पाए जाने पर संकाय को सप्ताह भर के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान संकाय एवं आसपास सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। प्रवेश परीक्षा परिणाम आने के बाद छात्र शीघ्र पठन-पाठन शुरू होने की आस में हैं, वहीं विश्वविद्यालय भी अपने तैयारियों को बेहतर करने में जुटा हुआ है।



