
जौनपुर। तहसील मड़ियाहूं के उप जिलाधिकारी न्यायालय में अलहमद के पद पर कार्यरत श्रीपाल गौतम (50 वर्ष) की रामदयालगंज के पास गुरुवार की देरशाम एक ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सिकरारा थाना क्षेत्र के महमदपुर अजोसी गांव के निवासी श्रीपाल गौतम अपने कार्यालय से छूटने के बाद मोटरसाइकिल से जौनपुर की तरफ आरहे थे। शाम करीब सात बजे जब वह मड़ियाहूं कोतवाली एवं लाइनबाजार थाना की सीमा पर स्थित सई नदी पुल पर पहुंचे थे तभी जौनपुर की तरफ से तेज गति से जा रही ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। श्रीपाल गौतम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस हादसे की खबर लगते ही मृत कर्मचारी के परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में कर्मचारी के मरने की जानकारी मिलने पर आज मड़ियाहूं तहसील में शोक का माहौल रहा कर्मचारियों ने शोक सभा कर के दिवंगत को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में दिवंगत के सहयोगी और शुभचिंतकों ने उनके घर जाकर परिवार के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।



