
जौनपुर। निषाद पार्टी के नेताओं ने एक प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी का मल्हनी उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को पूरा समर्थन है। पार्टी नेताओं ने कहा की निषाद पार्टी में रहे पूर्व सांसद धनंजय सिंह इस उपचुनाव में निर्दल प्रत्याशी के रूप में बेवजह भ्रम फैला रहे हैं। जबकि निषाद पार्टी ने इस उपचुनाव के लिए उन्हें प्रत्याशी बनाने के लिए कभी नहीं कहा था।
यहां स्थित एक होटल में आज रविवार को हुई भाजपा और निषाद पार्टी की संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश प्रभारी इं. श्रवण कुमार एवं प्रांतीय अध्यक्ष बाबूराम निषाद ने मल्हनी उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को पार्टी के पूर्ण समर्थन की बात कही। प्रेसवार्ता से पहले निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद के निर्देशानुसार निषाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी इं. श्रवण कुमार एवं प्रांतीय अध्यक्ष बाबूराम निषाद की अध्यक्षता में निषाद पार्टी की एक बैठक भी हुई। जिसमें मल्हनी उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह के समर्थन में प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया। विगत 2019 में निषाद पार्टी का भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन हुआ था।
बैठक में कहा गया कि निषाद समाज को आज तक सभी पार्टियों ने उपेक्षित रखा था, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निषादों को जो सम्मान मिला वो अकल्पनीय है। निषाद पार्टी पूरी ताकत के साथ भारतीय जनता पार्टी के साथ है। यहां की जिला कमेटी आज से मनोज कुमार सिंह के समर्थन में प्रचार-प्रसार कर भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी को मजबूत करने का कार्य करेगी। बैठक में प्रेमनारायण निषाद, चंद्रेश निषाद, रंजीत निषाद, संदीप निषाद, राजपथ निषाद, जयप्रकाश निषाद, जालंधर निषाद, हंसराज चौधरी, विजय बिंद, इंद्रजीत निषाद, रमेश चंद बिंद इत्यादि उपस्थित रहे।



