सपा को राम और कृष्ण से मतलब नहीं, सनातनी होने का ढोंग करते हैं अखिलेश : ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, राकेश सचान, दानिश आजाद अंसारी और ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखे हमले किए। भाजपा नेताओं ने सनातन धर्म, PDA की राजनीति, शहीदों के सम्मान और प्रदेश के विकास को लेकर सपा प्रमुख को घेरा। राज्यसभा सांसद बृजलाल समेत अन्य नेताओं ने भी अखिलेश यादव की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाए।
लखनऊ : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव भगवा पहनकर और तिलक लगाकर सनातनी बनने का ढोंग करते हैं। लेकिन उनकी असलियत यूपी की जनता अच्छे से जानती है। वहीं, एके शर्मा ने कहा कि 2022 की तरह 2027 में भी जनता सपा को सबक सिखाएगी। इस बार अखिलेश यादव का सारा भ्रम टूट जाएगा।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव न तो राम-कृष्ण को मानते हैं और न ही सनातन परंपराओं का सम्मान करते हैं। उनका काम केवल झूठ बोलना और हिंदू धर्म को नीचा दिखाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों को सबक सिखाने का काम योगी सरकार ने किया है। आज प्रदेश में माफियाराज नहीं, बल्कि कानून का राज स्थापित है।
‘2022 की तरह 2027 में भी हारेंगे अखिलेश’
एके शर्मा ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव की तरह ही इस बार भी यूपी की जनता अखिलेश यादव का सारा नशा उतार देगी। सपा के पीडीए पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश की राजनीति में पी का मतलब परिवार, डी का संबंध दरबारियों और ए का वास्ता अपराधियों से है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की जाति ढूंढने वाले अखिलेश को मालूम होना चाहिए कि आजादी की लड़ाई में हर जाति, धर्म और समाज के लोगों ने योगदान दिया था। सभी शहीदों का सम्मान होना चाहिए।
‘शहीदों के बलिदान पर भी सियासत कर रहे अखिलेश, जनता सिखाएगी सबक’, राकेश सचान का बड़ा हमला
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर यूपी सरकार के मंत्रियों ने तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि अखिलेश यादव ने चौरी-चौरा और काकोरी के शहीदों को जातियों में बांटकर उनका अपमान किया है। वहीं, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि आज जब अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे होंगे तो उन्हें समझ आया होगा कि यूपी में पिछले 10 सालों में कितना विकास हुआ है।
‘अखिलेश ने किया शहीदों का अपमान’
राकेश सचान ने कहा कि चौरी-चौरा, काकोरी और 1857 की लड़ाई देश की आजादी के लिए लड़ी गई थी। ऐसे क्रांतिकारियों को जातियों में नहीं बांटना चाहिए। लेकिन अखिलेश यादव को शहीदों के बलिदान में भी सियासत नजर आती है। सपा के लोग जातियों से आगे कुछ सोच ही नहीं पाते।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का काम केवल नफरत फैलाना और झूठ बोलना है। वो जब सत्ता में थे तब उन्होंने केवल अपनी जेब भरी और माफियाओं को बढ़ाने का काम किया। लेकिन योगी सरकार के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। यूपी का यही लगातार आगे बढ़ना अखिलेश की आंखों में गड़ रहा है।
योगी के संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाला
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि यूपी की जनता अखिलेश यादव की मंशा को अच्छे से समझ चुकी है। सबको पता है कि अखिलेश यादव केवल अपने परिवार और पैसे वालों की चिंता करते हैं। राज्यसभा चुनाव ने उनके पीडीए के नारे की पोल खोल दी है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में पश्चिम से लेकर पूरब तक संतुलित विकास हुआ है। इसी संतुलित विकास ने विपक्ष को असंतुलन में डाल दिया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता इससे हैरान और परेशान हैं, क्योंकि जनता विकास के आधार पर सरकार पर विश्वास जता रही है और समाजवादी पार्टी को नकार चुकी है।
‘एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा खुद इस्तीफा दे दीजिए’, ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सपा के मुखिया अखिलेश यादव पर बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के साथ ही देश और प्रदेश की पूरी कार्यकारिणी भंग करने की सलाह दी। राजभर ने सपा के जिला संगठनों को गुंडे-माफियाओं का सिंडिकेट बताते हुए कहा कि इसके सरताज खुद अखिलेश यादव हैं।
‘एक जिला एक माफिया’ के सिंडिकेट को थोक में ध्वस्त करने की सलाह
राजभर ने लिखा कि एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा है कि अखिलेश यादव एक साथ देश और प्रदेश की दोनों कार्यकारिणियां भंग कर दें और खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दें। उन्होंने कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर के बाद हापुड़ की जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने का जिक्र किया। राजभर ने कहा कि हापुड़ में अखिलेश को गुर्जर जिलाध्यक्ष पसंद नहीं आया तो उन्होंने पूरे जिले की कार्यकारिणी ही भंग कर दी।
राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि जिसे अखिलेश यादव कार्यकारिणी कहते हैं, पूरा प्रदेश जानता है कि असल में वह जिला-जिला में फैले गुंडे-माफियाओं का सिंडिकेट है। उन्होंने सलाह दी कि ‘एक जिला एक माफिया’ वाले इस सिंडिकेट को फुटकर में नहीं, बल्कि थोक में ध्वस्त कर देना चाहिए। इसकी शुरुआत अखिलेश यादव को तत्काल अपने इस्तीफे से करनी चाहिए, क्योंकि सभी गुंडा सिंडिकेट के सरताज वही हैं।
‘चुनाव से पहले सपा के जिला स्तरीय गैंगों में गैंगवार शुरू’
राजभर ने अपने पोस्ट में सपा के संगठनात्मक ढांचे पर भी गंभीर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि पार्टी के संगठन में लुटेरे, गुंडे और माफिया भरे पड़े हैं। अखिलेश यादव ने हर चौराहे पर इन्हीं लोगों को पालकर रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, सपा के जिलास्तरीय गैंगों में धीरे-धीरे गैंगवार शुरू हो गया है।
अखिलेश को मुस्लिम युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की दी नसीहत
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़कर किसी योग्य मुस्लिम युवा को पार्टी की कमान सौंपने की सलाह भी दी। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि क्या पता उनसे मुंह फुलाकर बैठा उनका ‘M’ का दिल पिघल जाए। एक मुस्लिम युवा नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देने से शायद चुनाव में सपा की थोड़ी-बहुत इज्जत बच जाए।
‘शहीदों को जातियों में बांटना बंद करें अखिलेश’, सपा प्रमुख पर बरसे राज्यसभा सांसद बृजलाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भाजपा नेताओं ने तीखा निशाना साधा है। राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कहा कि सपा सरकार के दौरान सैफई में नाच-गाने का आयोजन होता था। बिजली भी सिर्फ सैफई व रामपुर को मिलती थी, जबकि पूरा उत्तर प्रदेश अंधेरे में रहता था। वहीं, मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले चार दशकों से अपने गढ़ कन्नौज में ढंग की सड़कें तक न बनवा पाने वाले अखिलेश यादव की आंखें गोरखपुर का विकास देखकर चकाचौंध हो गई हैं। प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव घोर जातिवादी और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले नेता हैं।
अखिलेश राज में हुआ केवल सैफई का विकास
सांसद बृजलाल ने कहा कि अखिलेश के राज में सिर्फ सैफई का विकास होता था। मुजफ्फरनगर में दंगे होते थे। लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास हो रहा है। हर गरीब को राशन, मकान और सुरक्षा मिल रही है। आज उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
बृजलाल ने कहा कि चौरी-चौरा आंदोलन में जान गंवाने वाले बलिदानी थे। अखिलेश यादव को देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जातियों और वर्गों में बांटना बंद कर देना चाहिए।
‘समाज को जातियों के खांचे में बांटते हैं अखिलेश यादव’
दिनेश प्रताप ने कहा कि जो व्यक्ति भगवान को जातियों में बांटने का काम करता है, उससे क्रांतिकारियों को निष्पक्ष रूप से देखने की उम्मीद लगाना बेकार है। अखिलेश यादव का इतिहास हमेशा से समाज को जातियों के खांचे में बांटने का रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। 2027 के चुनाव में अखिलेश को करारा जवाब मिलेगा।
‘योगी सरकार में समान रूप से हो रहा विकास’
दिनेश ने कहा कि अखिलेश यादव अपनी कुर्सी जाने के डर से नोएडा और बिजनौर का दौरा तक नहीं करते थे। ऐसी सोच रखने वाला इंसान भला उत्तर प्रदेश का क्या ही विकास करेगा। उन्होने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समान रूप से विकास हो रहा है। गोरखपुर, गाजियाबाद और अन्य जिलों में जनता डबल इंजन सरकार की विकास नीतियों से पूरी तरह संतुष्ट है।
‘अखिलेश के राज में अपराध का केंद्र माना जाता था गोरखपुर’
अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के राज में ‘जरायम’ (अपराध) का केंद्र माना जाने वाला गोरखपुर आज मुख्यमंत्री योगी के राज में माफिया मुक्त, अपराध मुक्त और विकास से युक्त है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख दर-दर जाकर माफी भी मांग लें, फिर भी उनके शासनकाल के गुनाह और पाप कम होने वाले नहीं हैं। उत्तर प्रदेश की जनता उनके कारनामों को भूली नहीं है। यूपी की जनता अखिलेश यादव को माफी मांगने पर भी माफ नहीं करेगी।
यूपी में अब सपा शासनकाल वाली अराजकता नहीं, यही अखिलेश को खल रहा: मंत्री दयाशंकर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश को प्रदेश का विकास इसलिए नहीं दिख रहा, क्योंकि अब यूपी में सपा शासनकाल जैसी अराजकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में माफियाओं का बोलबाला था और कानून-व्यवस्था उनके सामने बेबस नजर आती थी।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश को घेरते हुए दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा शासन में पुलिस अधिकारियों को कार के बोनट पर बांधकर घसीटा जाता था। जेल में बंद कुख्यात अपराधी डीजीपी के साथ बैठकर चाय पीते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में सरकार गुंडों के आगे नतमस्तक थी। इसके उलट आज अपराधियों के पास प्रदेश छोड़कर भागने या जेल की सलाखों के पीछे रहने का ही विकल्प है।
अराजकता से विकास की राह पर बढ़ा यूपी
दयाशंकर सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब यह रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे का जाल बिछा है और सड़कों का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी आज देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में शामिल है और दुनिया भी उसके विकास मॉडल की सराहना कर रही है। उनके मुताबिक, सपा के एजेंडे में विकास कभी प्राथमिकता नहीं रहा, इसलिए अखिलेश यादव को प्रदेश में आया बदलाव दिखाई नहीं देता।
कैबिनेट के बड़े फैसले: डीप टेक हब से महिला सुरक्षा तक, विकास और सशक्तीकरण को मिलेगी नई गति



