
मुलायम की पार्टी को अखिलेश ने कांग्रेस के हाथों बेच दिया: मंत्री ओम प्रकाश राजभर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अखिलेश यादव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख पर नेतृत्व, कांग्रेस से गठबंधन और दलित सम्मेलन को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने शिवपाल यादव की आत्मकथा का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। वहीं भाजपा एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल और प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा शासन में भर्ती प्रक्रिया, दलित आरक्षण और जातिगत पक्षपात को लेकर अखिलेश यादव को घेरा।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2022 में 111 सीटें जीतने वाले अखिलेश अब दो सीटें जीतने वाली कांग्रेस के सामने भी मजबूती से अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं।
राजभर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता मुलायम सिंह यादव पर लिखी किताब के प्रमोशन के लिए समय नहीं मिलता, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुलावे पर वे तुरंत पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को मुलायम-शिवपाल ने खड़ा किया, उसकी कमान संभालने के बाद अखिलेश ने उसे कमजोर कर दिया।
‘मुलायम की बात नहीं मानी, अब चाचा की आत्मकथा का डर’
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर चाचा (शिवपाल यादव) ने अपनी सियासी कहानी (आत्मकथा) लिख दी तो परिवार और पार्टी में अखिलेश की भूमिका औरंगजेब की हो जाएगी, जिसने सत्ता के लिए अपने ही परिवार के बुजुर्गों और अपनों को किनारे कर दिया था। उन्होंने 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन की याद दिलाते हुए कहा कि अखिलेश ने तब भी बड़ों की बात नहीं मानी थी।
राजभर ने अखिलेश को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में रहकर वे अपनी पार्टी को फिर 47 सीटों तक क्यों पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश मजबूती से चुनाव लड़ें, ताकि मुकाबले में राजनीतिक चुनौती बनी रहे।
अखिलेश के कारनामे और उनके मूर्ख लोडर ही सपा को डुबो देंगे: राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आगरा में हुए दलित सम्मेलन में केवल 10 जिलों के अहिरों को बुलाकर अखिलेश यादव को क्या फायदा हुआ। इसके बावजूद पंडाल नहीं भर पाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा को डुबाने में आधा योगदान अखिलेश यादव के कारनामों और आधा उनके ‘मूर्ख लोडरों’ का होगा।
‘प्रोफेसर चच्चा की हूटिंग पर अखिलेश को घेरा’
राजभर ने आरोप लगाया कि दलित सम्मेलन में अखिलेश यादव के सामने ही सपा कार्यकर्ता प्रोफेसर चच्चा (रामगोपाल यादव) की हूटिंग करते रहे और सपा प्रमुख केवल देखते रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश को राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने में उनके अपने समर्थकों का भी बड़ा योगदान रहेगा। बौद्ध वंदना के दौरान सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी कुर्सी पर बैठे रहे। राजभर ने इसे भगवान बुद्ध और दलित समाज का अपमान बताया।
‘सम्मेलन में गैर यादव पिछड़ों और दलितों ने बनाई दूरी’
राजभर ने कहा कि प्रदेश का दलित, गैर यादव पिछड़ा, बहुजन और वनवासी समाज सपा की राजनीतिक मंशा को समझ चुका है। सम्मेलन में टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों को छोड़कर वास्तविक दलित समाज ने इससे दूरी बनाए रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति में केवल यादवों को नौकरी, ठेका और पट्टा देने की मंशा है। जबकि मुस्लिम समाज को माफिया, चोर, शूटर और आतंकवादी के रूप में पेश किया जाता है।
‘मुस्लिम सम्मेलन पर भी कसा तंज’
राजभर ने सपा के मुस्लिम सम्मेलनों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में फोटो खिंचवाने के लिए यादव समाज के लोग टोपी-लुंगी पहनकर बैठ जाते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए लिखा कि उनकी नैया डुबाने के लिए उनके ‘लोफर लोडर’ ही काफी हैं।
‘सपा शासन में भर्ती आयोगों पर एक जाति का कब्जा था, अब योग्यता से मिल रही नौकरी’, भाजपा ने अखिलेश पर बोला तीखा हमला
भाजपा एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल और प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि योगी सरकार में स्कूलों की व्यवस्था सुधारने के साथ पारदर्शी भर्तियां हो रही हैं, जबकि सपा शासन में भर्ती आयोग भ्रष्टाचार और पक्षपात के केंद्र थे। वहीं, राकेश त्रिपाठी ने कहा कि पदोन्नति में दलित आरक्षण को समाप्त करने वाले अखिलेश किस मुंह से दलित हितैषी होने की बात कर रहे हैं।
‘सपा शासन में भर्तियां भ्रष्टाचार और जातिगत पक्षपात की भेंट चढ़ीं’
लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि सपा शासन में स्कूलों के भवन जर्जर थे और शिक्षकों के पद खाली थे। उन्होंने पूछा कि अखिलेश ने अपने कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए क्या कदम उठाए? निर्मल ने कहा कि योगी सरकार में करीब 9.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं और एक लाख नियुक्तियों का महा-अभियान जारी है। जबकि सपा शासन में भर्तियां भ्रष्टाचार और जातिगत पक्षपात की भेंट चढ़ गई थीं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया है और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई हो रही है।
जातिगत जनगणना पर अखिलेश को घेरा
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार जनगणना में जातिगत गणना शामिल करने का निर्णय पहले ही ले चुकी है, लेकिन अखिलेश हिंदू समाज को बांटने की मंशा से ये मांग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया में नकल माफिया हावी हुआ करते थे। भर्ती आयोगों में एक ही जाति के लोगों को मनमाने ढंग से नियुक्त किया जाता था, जिस पर हाईकोर्ट ने भी तत्कालीन सरकार को फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा कि सपा के चार कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दी गईं, उससे अधिक युवाओं को योगी सरकार में नौकरी मिल चुकी है।
जनगणना 2027 से तय होगा यूपी के विकास का रोडमैप, सीएम योगी ने किया दूसरे चरण का शुभारंभ



