आश्रमवासियों के बीच पहुंचे अमेरिका से आए शिवकुमार गुप्ता, दर्द जाना और मदद का दिया भरोसा
वाराणसी के सारनाथ स्थित काशी कुष्ठ सेवा आश्रम में संकल्प संस्था ने सेवा कार्य किया। आश्रमवासियों को फल, मिष्ठान और आवश्यक खाद्यान्न सामग्री वितरित की गई। अमेरिका से आए शिवकुमार गुप्ता ने आश्रम की व्यवस्थाओं और जरूरतों की जानकारी लेकर भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। संस्था के सदस्यों ने आश्रमवासियों के साथ समय बिताकर सेवा और संवेदना का संदेश दिया।
वाराणसी। संकल्प संस्था की ओर से सारनाथ स्थित काशी कुष्ठ सेवा आश्रम में सेवा कार्य किया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने आश्रम में रह रहे कुष्ठ रोगियों और अपनों से दूर जीवन की सांझ गुजार रहे वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्हें फल, मिष्ठान और आवश्यक खाद्यान्न सामग्री भी वितरित की गई। सदस्यों ने आश्रमवासियों के साथ समय बिताकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को करीब से समझने का प्रयास किया।
इस अवसर पर अमेरिका से आए शिवकुमार गुप्ता ने आश्रम के रमेश चंद्र श्रीवास्तव ‘बाबाजी’ सहित आश्रमवासियों से मुलाकात कर वहां की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रमवासियों के बीच समय बिताया और उनकी परेशानियों को करीब से जाना। आश्रम की जरूरतों से अवगत होने के बाद शिवकुमार गुप्ता ने भविष्य में उन्हें पूरा करने के लिए अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि पितृपक्ष पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। माता नवमी का पर्व मां के स्नेह, त्याग और ममता की भावना से जुड़ा है, जो सेवा और संवेदना के भाव को और मजबूत करता है। ऐसे अवसर पर अपनों से दूर जीवन की सांझ गुजार रहे बुजुर्गों के बीच पहुंचना केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि उनके साथ अपनत्व और संवेदना का रिश्ता साझा करना है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना सेवा का एक पक्ष है, लेकिन उनके पास बैठकर हालचाल पूछना, सुख-दुख साझा करना और उन्हें यह एहसास कराना कि वे अकेले नहीं हैं, सेवा की वास्तविक भावना है। आश्रमवासियों के चेहरे पर आई छोटी-सी मुस्कान ही हमारे लिए सबसे बड़ा संतोष और माता नवमी की सार्थक अभिव्यक्ति है।
आश्रम की ओर से रमेश चंद्र श्रीवास्तव ‘बाबाजी’ ने कहा कि संकल्प संस्था लंबे समय से आश्रमवासियों की जरूरतों में सहयोग करती आ रही है। माता नवमी के अवसर पर संस्था के सदस्यों का आश्रम पहुंचना और आश्रमवासियों के साथ समय बिताना उनके लिए खुशी का अवसर रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास केवल जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आश्रमवासियों में यह विश्वास भी जगाते हैं कि समाज उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, शिवकुमार गुप्ता, लवजी अग्रवाल, शिवम अग्रवाल (गणेश), आलोक राय, सुशांत श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
UP की 2100 प्रेरणा कैंटीन बनीं ग्रामीण महिलाओं की कमाई का जरिया, 10 हजार परिवारों को मिला सहारा



