पटना से काशी तक दौड़ीं 25 स्पोर्ट्स कारें, हर कार पर दिखा PM मोदी की जनसेवा के 25 साल का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पटना से वाराणसी तक विशेष कार रैली आयोजित की गई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर हुई इस रैली में 25 स्पोर्ट्स कारें शामिल रहीं। प्रत्येक कार को केंद्र सरकार की अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के पोस्टर, स्टीकर और स्लोगन से सजाया गया था। बाबतपुर स्थित विलेज रिसोर्ट में रैली का समापन हुआ, जहां विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पटना से काशी तक कार रैली आयोजित की गई। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर आयोजित इस रैली में 25 स्पोर्ट्स कारें शामिल हुईं। प्रत्येक कार को केंद्र सरकार की एक जनकल्याणकारी योजना के पोस्टर, स्टीकर और स्लोगन से सजाया गया था। रैली का समापन बाबतपुर स्थित विलेज रिसोर्ट में हुआ, जहां विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार रैली की संयोजक एवं बिहार भाजपा की उपाध्यक्ष डॉ. अमृता भूषण राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यह रैली आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से कारों को फ्लैग ऑफ कर इस कार रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक योजना को प्रदर्शित कर रही थी। महिलाओं, स्वास्थ्य, कृषि और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं को अलग-अलग कारों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार केंद्र सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दे रही थी। सड़क, चौड़ीकरण, फ्लाईओवर और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं के कारण पटना से वाराणसी की यात्रा चार-पांच घंटे में पूरी होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रैली में शामिल प्रतिभागियों ने पीएम के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना किए जाने की भी जानकारी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि पटना से काशी पहुंची 25 कारें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को प्रदर्शित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 13 वर्ष मुख्यमंत्री और 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है। उनके कार्यकाल में महिलाओं को आगे बढ़ाने, बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने और गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में बदलाव लाने का प्रयास किया गया।
जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने कहा कि काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष आगामी सात अक्टूबर को पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों तक लाभ पहुंचाया गया है तथा विभिन्न क्षेत्रों में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
रैली के विजेताओं का सम्मान
समापन कार्यक्रम में कार रैली के विजेताओं को अंगवस्त्रम एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के अलावा बेस्ट कार डेकोरेटेड, बेस्ट कपल, बेस्ट ड्राइवर और यंगेस्ट ड्राइवर सहित विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
योजनाओं से सजी थीं कारें
रैली में शामिल कारों पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पोस्टर, स्टीकर और स्लोगन लगाए गए थे। इनमें आयुष्मान योजना, निशुल्क आवास एवं शौचालय योजना, जनधन खाते, पेंशन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी योजना प्रमुख थीं।
कार्यक्रम में क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता नवरतन राठी, डॉ राकेश शर्मा, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के समाज सेवी व प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
योगी ने खोले यूपी के विकास के पत्ते, बोले- युवाओं को नौकरी नहीं, भविष्य बनाने का मौका चाहिए



