Varanasi

सीवर-पेयजल महाअभियान में लापरवाही पर लगेगी लगाम, कैमरों से होगी निगरानी

वाराणसी नगर निगम 2161 करोड़ रुपये की महापरियोजना के तहत 22 प्रभावित वार्डों में सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम तेज करने जा रहा है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सभी कार्यस्थलों पर सीसी कैमरे लगाने और उन्हें स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम व नगर निगम मुख्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। जंगमवाड़ी, शिवाला, नगवा और बंगाली टोला में 16 सितंबर से काम शुरू होगा। परियोजना के तहत 353.13 किमी सीवर लाइन और 651.64 किमी पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

वाराणसी: नगर निगम शहर के 22 प्रभावित वार्डों में सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के महाअभियान को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कराने के लिए कटिबद्ध है। इस क्रम में कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही रोकने के लिए अब सभी कार्य स्थलों (साइटों) की निगरानी सीसी कैमरों के जरिए की जाएगी। सिगरा स्मार्ट सिटी कार्यालय में मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को सख्त चेतावनी देते हुए पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।

बैठक में महापौर ने स्पष्ट किया कि सीवर व पेयजल लाइन बिछाने के दौरान किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन-जिन साइटों पर काम चलेगा, वहां सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम के साथ-साथ नगर निगम मुख्यालय तथा स्मार्ट सिटी से सीधे लिंक किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों की प्रगति पर सीधे नजर रखी जा सके। इसके अलावा जल निगम को मेन लाइन और ब्रांच लाइन के कार्यों का पूरा विवरण, प्रतिदिन का लक्ष्य और रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने को कहा गया है। महापौर ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान जनता को थोड़ी अस्थायी असुविधा जरूर हो सकती है, लेकिन यह एक साल का कष्ट आने वाले दशकों के लिए एक स्थाई और सुदृढ़ समाधान लेकर आएगा।

बैठक के दौरान महापौर ने जल निगम को कड़े निर्देश दिए कि जिन चार वार्डो में (जंगमवाड़ी, शिवाला, नगवा और बंगाली टोला) में भूमि पूजन हो चुका है, वहां 16 सितंबर से सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम हर हाल में शुरू कर दिया जाए। बता दें कि 2161 करोड़ रुपये की इस महापरियोजना के तहत शहर के प्रभावित इलाकों में 353.13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन बिछाई जानी है, जिससे शहरवासियों को अगले 70 वर्षों तक सीवर ओवरफ्लो और जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी।

महापौर अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पार्षद मदन मोहन तिवारी, विजय द्विवेदी, अतुल पांडेय, रविंद्र कुमार सिंह, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, ओपी सिंह तथा जल निगम के अधिशासी अभियंता कमल सिंह व बृजेश मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

​आगामी भूमि पूजन का शेड्यूल तय

​20 सितंबर: सरायनंदन व बिरदोपुर वार्ड
​21 सितंबर: भेलूपुर व दुर्गाकुंड वार्ड
​22 सितंबर: नारियाँ व जोल्हा उत्तरी वार्ड

महमूरगंज के बिरदोपुर में महापौर ने किया नाले का निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने और सख्त रुख अपनाया है । इस क्रम में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने महमूरगंज स्थित बिरदोपुर क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर नाला सफाई, जल निकासी और समग्र स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए क्षेत्रवासियों को जलजमाव का सामना न करना पड़े। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। ​महापौर ने कहा, “शहर की सफाई और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में आम जनता का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान निगम एवं जलकल विभाग के उच्च अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद भी उपस्थित रहे। अधिकारियों को क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया है।

बुजुर्गों की देखभाल से रोजगार तक, यूपी में योगी सरकार की नई ‘केयर इकोनॉमी’ पहल

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button