लोलार्क छठ में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम ने कसी कमर
वाराणसी में लोलार्क छठ और सुरहिया मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम अलर्ट मोड में है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने लोलार्क कुंड व लक्ष्मी कुंड का निरीक्षण कर सफाई, पेयजल, सीवर, मार्ग प्रकाश, सड़क मरम्मत, फॉगिंग और मोबाइल शौचालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। लल्लापुरा खुर्द में औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित सफाईकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित वाराणसी आगमन को लेकर रुद्राक्ष में तैयारियों का जायजा लिया गया।
वाराणसी । भदैनी स्थित ऐतिहासिक लोलार्क कुंड पर 16 और 17 सितंबर को आयोजित होने वाले लोलार्क छठ मेले तथा लक्सा स्थित लक्ष्मी कुंड पर 19 सितंबर को सजने वाले सुरहिया मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्रीय पार्षदों के साथ दोनों मेला स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि पूर्वांचल समेत देश के विभिन्न कोनों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा, सुगमता और सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से पूर्व ही सफाई, सीवर, पेयजल, मार्ग प्रकाश, सड़क मरम्मत, गड्ढामुक्त इंटरलॉकिंग और अतिक्रमण हटाने से संबंधित सभी कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिए जाएं।
महापौर ने अधिकारियों के साथ लोलार्क कुंड और लक्ष्मी कुंड को जाने वाले गलियों व मुख्य मार्गों का पैदल जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मेला परिसर, कुंड के आसपास और संपर्क मार्गों पर निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाकर अतिरिक्त कूड़ेदान रखे जाएं। मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए चूना, एंटी-लार्वा का छिड़काव और नियमित फॉगिंग सुनिश्चित की जाए। जलकल विभाग को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, आवश्यकतानुसार वाटर टैंकर की उपलब्धता और सीवर लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय और खराब स्ट्रीट लाइटों की त्वरित मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया।कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफल संचालन और पर्यवेक्षण के लिए नगर आयुक्त ने लोलार्क कुंड मेले के लिए अपर नगर आयुक्त अमित कुमार तथा सुरहिया मेले के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को नोडल अधिकारी नामित किया है।
निरीक्षण के दौरान लोलार्क कुंड पर पार्षद राजेश यादव, विजय द्विवेदी, सहायक अभियंता (जलकल) विकास निषाद, अवर अभियंता (सिविल) पंकज पटेल, सफाई निरीक्षक शिवेश तिवारी, अवर अभियंता (जलकल) दीपक कुमार सिंह और अवर अभियंता (मार्ग प्रकाश) हरीश मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं लक्ष्मी कुंड (लक्सा) के निरीक्षण में जोनल अधिकारी (दशाश्वमेध), अवर अभियंता (सिविल) नागेंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक वेद प्रकाश राय, अवर अभियंता (जलकल) कुमारी चंदन यादव, अवर अभियंता (मार्ग प्रकाश) हरीश मिश्रा तथा वेलस्पन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लल्लापुरा खुर्द में अपर नगर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर 8 सफाईकर्मी अनुपस्थित, कटेगा वेतन
नगर निगम वाराणसी द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के क्रम में सोमवार को अपर नगर आयुक्त श्री विनोद कुमार गुप्ता ने वार्ड लल्लापुरा खुर्द का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बादशाह बाग, कमायनी नगर, रमाकान्त नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों तथा पिशाचमोचन स्थित सार्वजनिक शौचालय का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड में तैनात कुल 68 सफाई कर्मचारियों के सापेक्ष 57 कर्मचारी उपस्थित पाए गए। एक कर्मचारी साप्ताहिक अवकाश पर था, जबकि 3 कर्मचारी पलायित तथा 7 कर्मचारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। अपर नगर आयुक्त ने अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती के निर्देश दिए तथा संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा ड्यूटी से अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने अधिकारियों एवं सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, जल निकासी एवं सीवर व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में नियमित मॉनिटरिंग करते हुए चिन्हित समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर तैयारियों का जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित वाराणसी आगमन एवं प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों के दृष्टिगत आज रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, मंच एवं सभागार की तैयारियों, आगंतुकों के आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जेपीएस राठौर (जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर), राज्य मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री दिलीप पटेल, महापौर श्री अशोक कुमार तिवारी, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कागज पर उतरेंगे बच्चों के सपने, ‘मेरे सपनों का भारत’ में दिखेगा नए भारत का विजन



