Varanasi

नगर निगम के निरीक्षण में खुली सफाई व्यवस्था की पोल, 16 कर्मचारी गायब; JHV Mall भी रडार पर

वाराणसी में नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चार वार्डों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्डों में कुल 16 सफाईकर्मी बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जिनका वेतन काटने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में गलियों की गंदगी, नालियों में सिल्ट, जलभराव और दिन में जलती स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं सामने आईं। वहीं JHV Mall पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन को लेकर नगर निगम अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान में जुर्माना वसूला गया और प्लास्टिक जब्त की गई।

वाराणसी : शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए नगर निगम के अधिकारियो ने गुरुवार को सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्डों में सफाई व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और सफाई कर्मियों की उपस्थिति का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों पर तो सफाई संतोषजनक पाई गई, लेकिन कई स्थानों पर गलियों में गंदगी, नालियों में सिल्ट जमाव, दिन में जलती स्ट्रीट लाइटें और खाली प्लॉटों में कचरे के ढेर जैसी कुछ खामियां भी मिली। वहीं चार वार्डों से 16 सफाई कर्मी बिना किसी सूचना के ड्यूटी से नदारद मिले। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए अनुपस्थित सभी 16 कर्मचारियों का वेतन काटने और लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। इसमें सरसौली व मध्यमेश्वर में पांच-पांच, तथा हुकुलगंज व सरायनंदन वार्ड के तीन-तीन सफाई कर्मी शामिल है ।

​संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार आनंद द्वारा सरसौली वार्ड के निरीक्षण में 50 में से 5 सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान वर्षा के कारण गलियों में काई व झाड़ियां जमी मिलीं, जिन्हें तत्काल साफ कराया गया। दिन में जलती पाई गईं स्ट्रीट लाइटों को मौके पर ​ठीक कराया गया, जबकि धंसे चौके और दबे सीवर के ढक्कनों की मरम्मत हेतु संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया। वहीं अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता द्वारा मध्यमेश्वर वार्ड के निरीक्षण में कुल 46 में से पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वार्ड में मेडविन अस्पताल के सामने नाली में सिल्ट पाई गई तथा मैदागिन चौराहे के पास नाली ध्वस्त मिली। कबीरचौरा अस्पताल और जलकल कार्यालय के पास जल निकासी हेतु नई गलीपिट बनाने के निर्देश दिए गए।

अपर नगर आयुक्त अमित कुमार द्वारा हुकुलगंज वार्ड के निरीक्षण में तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए गए। वार्ड में मुख्य मार्ग तो साफ मिले, लेकिन गलियों की सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान संतोषजनक नहीं मिला। सफाई में लापरवाही पर सुपरवाइजर राजेश कुमार व कवि कुमार को चेतावनी दी गई। सीवर व वाटर लाइन कार्य के कारण गलियों में आवागमन की समस्या पर भी ध्यान दिया गया। संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र द्वारा सरायनंदन वार्ड के निरीक्षण में तीन सफाई कर्मी अनुपस्थित मिले। खाली प्लॉटों में फैला कचरा तत्काल साफ कराने तथा लो-लैंड एरिया में जमा पानी निकालने के लिए सामान्य विभाग द्वारा पंप लगाए गए हैं तथा वहां एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए।

जेएचवी मॉल पर अब कसेगा कानूनी शिकंजा,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के उल्लंघन पर नगर निगम सख्त

​छावनी (कैंट) स्थित जेएचवी मॉल द्वारा खुले में कूड़ा डंप करने और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों की लगातार अनदेखी करने पर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर नगर आयुक्त द्वारा मॉल प्रबंधन को जारी नोटिस की मियाद पूरी होने के बाद भी स्थिति में सुधार न दिखने पर अब नगर निगम सीजेएम कोर्ट के माध्यम से चालान व अन्य सख्त विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

​सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 के नियम 4 के अनुसार, रोजाना 100 किलोग्राम से अधिक कचरा उत्पन्न करने वाले बल्क वेस्ट जनरेटर (जैसे मॉल, होटल व मैरिज हॉल) के लिए कचरे का स्रोत पर ही पृथक्कीकरण (सेग्रीगेशन) करना और गीले कचरे का परिसर के भीतर ही ऑन-साइट निस्तारण या कंपोस्टिंग करना अनिवार्य है। इसके बावजूद जेएचवी मॉल प्रबंधन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली अधिकृत एजेंसी (मेसर्स वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन प्रा. लि.) का सहयोग करने के बजाय सीएंडडी (निर्माण व ध्वस्तीकरण) वेस्ट और अन्य कचरे को अपने परिसर में ही डंप कर रहा है। जबकि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाड़ी प्रतिदिन जा रही है ।

छावनी क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जहां हर दिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही रहती है। मॉल प्रबंधन की इस लचर कार्यप्रणाली से क्षेत्र में गंदगी फैल रही है, जिससे धार्मिक व सांस्कृतिक नगरी बनारस की साख पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नोटिस की समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी सुधार न दिखने पर निगम अब जुर्माना लगाने और कानूनी शिकंजा कसने की अंतिम प्रक्रिया में जुट गया है।

शहर के विभिन्न जोनों में चला अतिक्रमण, अवैध कब्जों व प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक अभियान

नगर निगम की प्रवर्तन दल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न जोनों में अतिक्रमण, अवैध कब्जों और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान प्रवर्तन दल ने 4,000 रुपये जुर्माना भी वसूला। इसमें अतिक्रमण से तीन हजार तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक से एक हजार की जुर्माना राशि शामिल है। इसके साथ ही मौके से एक किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक भी जब्त की गई। वहीं व्यस्त मार्गों व सड़कों-गलियों से अवैध ठेले, तिरपाल व गुमटियां हटवाई गईं। जब्त किए गए प्रतिबंधित प्लास्टिक को नष्ट और रिसाइकल कराने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर आदमपुर जोनल के पवन कुमार गुप्ता व एसएफआइ के अवनीश दुबे के नेतृत्व संयुक्त टीम ने नाटी इमली ठाकुर प्रसाद सिंह स्मारक चौराहे के चारों ओर ठेला, काउंटर व तिरपाल लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और लाउडस्पीकर से चेतावनी दी गई। इस दौरान मौके से 3,000 रुपये अतिक्रमण जुर्माना तथा एकहजार प्रतिबंधित प्लास्टिक जुर्माना वसूलते हुए एक किग्रा प्लास्टिक जब्त की गई। चौकाघाट लकड़ी मंडी से पानी टंकी तक सड़क पटरी पर हुए अतिक्रमण को स्वतः हटाने के लिए लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर एक दिन की मोहलत दी गई।

इसके अलावा आईजीआरएस व अन्य शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अर्दली बाजार स्मार्ट बाजार के सामने विक्की फ्लावर हाउस व मनीष फ्लावर हाउस द्वारा सड़क पर लगाए गए पुष्पगुच्छ के ठेलों को हटवाया गया। इस क्रम में मछोदरी पुलिस चौकी के पास गली में रखे ईंट-पत्थर व तिरपाल को साफ कराया गया। जबकि अतिक्रमण विभाग के निरीक्षक संजय श्रीवास्तव ने हुकुलगंज क्षेत्र में पक्की सीढ़ी व चबूतरा निर्माण के मामले में संबंधित व्यक्ति को भू-अभिलेखों के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिया।

सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के निर्देश पर। ​वरुणापार जोन के दंडूपुर (क्राइस्ट नगर) स्थित आराजी नंबर 180 पर निगम की भूमि (गोबरगढ़ा) की पैमाइश में आ रहे स्थानीय विरोध को शांत कराकर राजस्व विभाग, सर्वेयर व लेखपाल की टीम द्वारा नापी पूरी कराई गई और भूमि को बाउंड्रीवाल के लिए निगम को सुपुर्द कर दिया गया। वहीं निगम मुख्यालय से फल मंडी और पॉपुलर बाटी चौखा मार्ग पर अवैध वेंडरों को हटाकर सड़क को सुगम बनाया गया। ​पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के निर्देश पर रामनगर स्थित शुभम प्लास्टिक कारखाना में रखे जब्त प्रतिबंधित प्लास्टिक की रिसाइकलिंग प्रक्रिया पूरी कराई गई। कटर मशीन के जरिए 680 किग्रा प्लास्टिक को टुकड़ों में काटा गया और 13 किग्रा कचरा प्लास्टिक को जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। इसके साथ ही स्टोर में जमा कुल 6,975 किग्रा प्रतिबंधित प्लास्टिक के पुनर्चक्रण का कार्य पूर्ण हो गया।

​​आज की कार्रवाई

जब्त प्लास्टिक: 01 किग्रा | प्लास्टिक जुर्माना: 1,000 रुपये । अतिक्रमण जुर्माना: 3,000 रुपये
​04 शिकायतें निस्तारित (11 लंबित )
​इस माह में हुई कार्रवाई
​जब्त प्लास्टिक: 1.75 किग्रा |
प्लास्टिक जुर्माना: 1,200 रुपये
अतिक्रमण जुर्माना: 4,000 रुपये
​प्रतिबंधित प्लास्टिक : 1,89,349 रुपये का चेक प्राप्त

गंगा केवल नदी नहीं, भारत की संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा : रमेश पोखरियाल ‘निशंक’

सीएम योगी के भरोसे से बढ़ा मनोबल, बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं सोनम यादव

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button