ककरमत्ता पोखरी बनेगी काशी का नया पिकनिक स्पॉट, शुरू हुआ कायाकल्प
वाराणसी की ककरमत्ता स्थित ऐतिहासिक पोखरी को जल्द ही प्रमुख पर्यटन केंद्र और पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। 38 वर्षों से चले आ रहे विवाद के बाद नगर निगम ने करीब 1.5 बीघा सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। पोखरी के पुनरुद्धार के लिए सफाई और गहरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
वाराणसी : बीएलडब्ल्यू रोड स्थित ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी जल्द ही काशी में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में नजर आएगी। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने पोखरी का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे पुनरुद्धार कार्यों का जायजा लिया।।
नगर निगम ने हाल ही में 38 वर्षों से चले आ रहे विवाद को समाप्त कराते हुए करीब 1.5 बीघा (लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य) में फैली इस बेशकीमती सरकारी संपत्ति को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। अब इसे एक सुंदर और हरे-भरे स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। ककरमत्ता की इस ऐतिहासिक पोखरी को कुछ तथाकथित लोगों द्वारा कूड़ा-कचरा डालकर पाट दिया गया था।
पोखरी को उसके मूल स्वरूप में लौटाने के लिए नगर निगम ने भारी अमला तैनात किया है। वर्तमान में मौके पर जेसीबी, पोकलैंड , डंपर व हाइवा मशीनों की मदद से पोखरी की सफाई और गहरीकरण का काम युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अतुल पांडे सहित नगर निगम के कई अन्य अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
माफिया जनता का खून चूसता था और मच्छर बीमारी देता था, दोनों से मुक्त हुआ पूर्वी यूपी: सीएम



