हर बारिश में डूबता था भगवानपुर, अब नगर निगम ने खोज लिया स्थायी समाधान
वाराणसी के भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों को वर्षा व बाढ़ के दौरान होने वाले जलजमाव से राहत दिलाने के लिए नगर निगम सामने घाट नाले पर फ्लड गेट (बंधी) बनाने की तैयारी कर रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शहर के विभिन्न मार्गों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने खराब कार्य गुणवत्ता, अवैध रोड कटिंग, लटके तारों और अधूरे जल कनेक्शनों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों को अंतिम चेतावनी जारी की।
वाराणसी : वर्षा और बाढ़ के दिनों में भगवानपुर व आस-पास के इलाकों में होने वाले भारी जलजमाव से स्थानीय नागरिकों को स्थाई निजात मिलेगी। इसके लिए नगर निगम सामने घाट स्थित नाले पर एक प्रॉपर बंधी (फ्लड गेट) का निर्माण कराएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इसके लिए तत्काल एक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने रविवार को सिगरा से घंटी मिल, नगर निगम फल मंडी से तिलक मूर्ति, सिगरा से औरंगाबाद और लंका रविदास गेट से ट्रॉमा सेंटर मार्ग का निरीक्षण किया। मौके पर मिलीं ढेरों कमियों, खराब फिनिशिंग और कछुआ गति से चल रहे काम को देख उन्होंने वेंडरों की क्लास लगाई और सख्त लहजे में अंतिम चेतावनी जारी की।
निरीक्षण के दौरान सिगरा से घंटी मिल मार्ग पर पाथवे के पत्थर ऊपर-नीचे मिले, जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल घिसाई कर इन्हें बराबर करने के निर्देश दिए। पाथवे की टाइल्स पर जमे सीमेंट-बालू को देख उन्होंने नाराजगी जताई। मार्ग पर डिश और केबल ऑपरेटरों के बेतरतीब लटके तारों को लेकर उन्होंने दो टूक कहा कि तीन दिनों के भीतर इन्हें भूमिगत डक्ट में डालें, अन्यथा केबल काट दी जाएगी।
जलकल और जल निगम में समन्वय की कमी के कारण छूटे घरों के कनेक्शनों को भी तीन दिन में जोड़ने की हिदायत दी गई। वहीं कमला नगर द्वार के पास विद्युत विभाग द्वारा बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिए पाथवे को काटकर केबलिंग करने का मामला सामने आने पर नगर आयुक्त गंभीर दिखे। उन्होंने सीएम ग्रिड के वेंडर को कड़े निर्देश दिए कि जब डक्ट बने हैं, तो सारी रिपेयरिंग उसी के जरिए हो। नियम विरुद्ध रोड कटिंग पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की बात कही। इसके अलावा, स्ट्रीट पोल्स पर पोस्टर-पंपलेट चिपकाकर शहर को गंदा करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।
मालवीय जी की कलाकृति होगी रंगीन, बनेगा ग्रीन पार्क
काशी विद्यापीठ के कुलपति आवास की बाउंड्री वॉल पर बनी महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की म्यूरल कलाकृतियों के सादे स्वरूप पर उन्होंने कहा कि इन पर रंगीन (कलरफुल) चित्रकारी की जाए, ताकि कलाकृति खुलकर दिखे। सिगरा-औरंगाबाद मार्ग पर रामलीला स्थल के पास से कच्चा-पक्का अतिक्रमण हटाकर वहाँ भव्य रामलीला मंच, बेंच और हॉर्टिकल्चर कार्य के साथ ‘ग्रीन एरिया’ विकसित करने का प्रस्ताव मांगा गया है। इसके लिए नायब तहसीलदार को विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
भगवानपुर को बाढ़ से बचाने के लिए बनेगी बंधी
लंका से ट्रॉमा सेंटर मार्ग के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ऊंचे-नीचे सीवर चेंबरों को सड़क के समतुल्य करने और शेष 10-12 वाटर कनेक्शनों को दो दिन में डक्ट से जोड़ने का निर्देश दिया। क्षेत्र की बड़ी समस्या का संज्ञान लेते हुए उन्होंने बीएचयू व ट्रॉमा सेंटर तिराहे के पास क्षतिग्रस्त नाले के ढक्कन को तुरंत बदलने को कहा। साथ ही, वर्षा व बाढ़ के दिनों में भगवानपुर इलाके में होने वाले भारी जलजमाव से स्थाई निजात दिलाने के लिए सामने घाट स्थित नाले पर एक प्रॉपर बंधी (फ्लड गेट) का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नगवां के पार्षद पति डॉ. रविंद्र सिंह, भगवानपुर के पार्षद अमित सिंह, अधिशासी अभियंता (सिविल) अगम कटिहार, नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव, सहायक अभियंता (जल निगम ग्रामीण) विक्की कश्यप, अवर अभियंता पंकज पटेल सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
22 वार्डों की किस्मत बदलने जा रही है यह योजना, जानिए काशी में क्या होने वाला है?



