“छतों से गायब होंगी पानी की टंकियां, वाराणसी में शुरू हुई अनोखी पेयजल योजना”
वाराणसी के चितईपुर स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी के निवासियों को जल्द ही 24×7 शुद्ध पेयजल आपूर्ति की सुविधा मिलने जा रही है। नगर निगम के पायलट प्रोजेक्ट के तहत 2200 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य 52 प्रतिशत पूरा हो चुका है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीवर लाइन एवं नाला सफाई कार्यों की भी समीक्षा कर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा।
वाराणसी : चितईपुर के इंदिरा नगर कॉलोनी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम के पायलट प्रोजेक्ट के तहत यहां 24×7 पेयजल आपूर्ति योजना की शुरुआत होने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होते ही क्षेत्र के लोगों को चौबीसों घंटे शुद्ध पेयजल की आपूर्ति मिलेगी और उन्हें अपने घरों की छतों पर पानी की टंकी रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। योजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है, जिसे जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की तैयारी है।
इस क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नेवादा वार्ड स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा बताया गया कि अनुबंधित फर्म मेसर्स सीके इंटरप्राइजेज जेवी मेसर्स माधवराव तुकाराम फाड़ (प्रयागराज) के माध्यम से यहां 2200 किलो लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है।
वर्तमान में भौतिक प्रगति करीब 52 प्रतिशत पाई गई। नगर आयुक्त ने कार्य की गति को और बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने फर्म के प्रतिनिधि पवन कुमार से कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम को हर हाल में पूरा करने के लिए श्रमिकों और संसाधनों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाए। लापरवाही या देरी की स्थिति में फर्म के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त स्वयं दस दिन बाद दोबारा योजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
सीवर लाइन कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश
पेयजल योजना का जायजा लेने के बाद नगर आयुक्त ने इंदिरा नगर कॉलोनी में जलकल विभाग द्वारा डा.ली जा रही सीवर लाइन के कार्यों का भी मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सीवर लाइन बिछाने का काम पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। साथ ही इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि स्थानीय नागरिकों को जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थाई निजात मिल सके।
अस्सी नाले से जुड़ने वाले नाले की होगी ‘तली झाड़ सफाई’
इस कड़ी में नगर आयुक्त ने इंदिरा नगर कॉलोनी से अस्सी नाले को जोड़ने वाले नाला सफाई कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वर्षाकाल और जलभराव की स्थिति को देखते हुए निर्देश दिया कि नाले की तली झाड़ सफाई (पूरी गहराई तक सफाई) समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता कमल सिंह, सहायक अभियंता रितेश यादव, अवर अभियंता अनीश कुमार, पार्षद पति विनीत सिंह, फर्म प्रतिनिधि पवन कुमार और जलकल विभाग के सहायक अभियंता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
गरीब से लेकर जवान तक… योगी ने बताया 12 साल में कैसे बदली देश की तस्वीर
हर शहर, गांव को ग्रीन मोबिलिटी इलेक्ट्रिक सेवा से जोड़ेंगेः मुख्यमंत्री



