
गंगा दशहरा पर प्रह्लाद घाट में जनजागरण, मां गंगा की महिमा और स्वच्छता का दिया संदेश
गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा समग्र काशी मध्य जिला ने प्रह्लाद घाट पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया। श्रद्धालुओं के बीच बिस्किट, आम, गुड़ और जल का वितरण किया गया। राष्ट्रीय प्रमुख अमिताभ उपाध्याय ने गंगाजल की वैज्ञानिक विशेषताओं और गंगा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। आदि केशव घाट पर भव्य गंगा आरती भी हुई।
वाराणसी। गंगा अवतरण के पावन दिवस पर मनाए जाने वाले महापर्व गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा समग्र काशी मध्य जिला द्वारा प्रह्लाद घाट पर जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस के बीच बिस्किट, आम, गुड़ एवं शीतल जल का वितरण कर सेवा कार्य किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मां गंगा के प्रति लोगों में आस्था के साथ-साथ स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर गंगा आश्रित आयाम के राष्ट्रीय प्रमुख अमिताभ उपाध्याय ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मां गंगा की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मां गंगा का जल केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी अत्यंत विशेष है। उन्होंने बताया कि गंगाजल में पाए जाने वाले “बैक्टीरियोफेज” नामक सूक्ष्म तत्व प्रदूषण फैलाने वाले जीवाणुओं को नष्ट करने की क्षमता रखते हैं। यही कारण है कि गंगाजल लंबे समय तक सुरक्षित एवं शुद्ध बना रहता है।

उन्होंने कहा कि जब कोई हानिकारक जीवाणु गंगा जल में प्रवेश करता है, तो बैक्टीरियोफेज सक्रिय होकर उसे समाप्त कर देते हैं और इस प्रक्रिया में अपनी संख्या भी बढ़ा लेते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह विशेषता बड़े पैमाने पर गंगा में गिराए जा रहे सीवर, ड्रेनेज एवं औद्योगिक अपशिष्ट पर पूरी तरह प्रभावी नहीं हो सकती। इसके लिए समाज एवं जनता का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से मां गंगा की स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण रोकने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
गंगा दशहरा के अवसर पर काशी मध्य जिले के आदि केशव घाट पर मां गंगा की भव्य आरती का भी आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार, दीपों की अलौकिक छटा और गंगा तट पर गूंजते जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां गंगा का पूजन-अर्चन कर देश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय गंगा आश्रित आयाम प्रमुख अमिताभ उपाध्याय, सह प्रांत संयोजक दिवाकर द्विवेदी, प्रांतीय गंगाश्रित आयाम सह प्रमुख अशोक तिवारी, अंतिम कोषाध्यक्ष रणदीप सिंह, भाग संयोजक चंद्र प्रकाश, जिला संयोजक अशोक त्रिपाठी, घाट प्रमुख डॉ. सुधीर त्रिपाठी, पार्षद लकी भारद्वाज, संपर्क कायम प्रमुख गोविंद लाल पांडेय, गंगा वाहिनी आयाम प्रमुख दिलीप साहनी, अंगद साहनी, शिव प्रकाश मौर्य, पूर्व पार्षद पिंटू उपाध्याय, शिक्षक कंचन तिवारी, आरती प्रमुख ओंकारनाथ त्रिपाठी, बाबूनाथ त्रिपाठी, संतोष तिवारी, गोपालनाथ त्रिपाठी, जीपी दुबे, आयुष त्रिपाठी, शुभम त्रिपाठी, सुमित त्रिपाठी, आयुषी त्रिपाठी, अंजलि त्रिपाठी, आर्यन त्रिपाठी, प्रकाश यादव, राजकुमार सिंह, राकेश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गरीबों के इलाज से मेडिकल कॉलेज तक… योगी सरकार ने लिया बड़ा फैसला
सीएम योगी का बड़ा बयान: “जनता का पैसा अब सिर्फ जनता पर खर्च होगा”



