काशी के आसमान में फिर गूंजेगी लड़ाकू विमानों की गर्जना, राफेल-तेजस के करतब देखने उमड़ेगी भीड़
वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम का भव्य प्रदर्शन होगा। नमो घाट पर राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमान रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। चिनूक हेलीकॉप्टर का प्रदर्शन और तीन किरण विमानों की काशी फॉर्मेशन दर्शकों को आकर्षित करेगी। आयोजन में 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
वाराणसी : धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में शनिवार को एक बार फिर गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम की झलक देखने को मिलेगी। भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के दूसरे दिन जांबाज पायलट लड़ाकू विमानों व हेलीकॉप्टरों के जरिए रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से काशी का आसमान गूंजेगा। वहीं, चिनूक हेलीकॉप्टर के जरिए जवानों का प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों के साथ नमो घाट पर वायुसेना की बेमिसाल शक्ति के साक्षी बनेंगे।
हवाई करतबों में दिखेगी वायुसेना की तकनीकी दक्षता और काशी की सांस्कृतिक झलक
गंगा के ऊपर आयोजित यह एयर शो भारतीय वायुसेना की हवाई व तकनीकी दक्षता और सटीक परिचालन का प्रदर्शन करने के साथ युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करने का माध्यम भी बन रहा है। एयर शो में विमानों की तेज रफ्तार, आपसी तालमेल और अलग-अलग फॉर्मेशन के जरिए वायुसेना के जवान अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। तीन किरण प्रशिक्षण विमानों द्वारा ‘काशी’ फॉर्मेशन बनाते हुए तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरना भी इस आयोजन का खास आकर्षण है। शिव और गंगा की पहचान से जुड़े नामों तथा विभिन्न हवाई फॉर्मेशन के जरिए प्रदर्शन में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिल रही है। आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, हवाई प्रदर्शन में कुल 100 विमान भाग ले रहे हैं। ये विमान देशभर के 12 हवाई अड्डों से उड़ान भर रहे हैं।
पहले दिन उमड़ा था जनसैलाब, शनिवार के लिए भी भारी उत्साह
22 अक्टूबर को एयर शो के पहले दिन करीब पांच लाख लोगों ने घाटों और गंगा पार की रेती से विमानों के हैरतअंगेज करतब देखे थे। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और आसमान में उनकी सटीक उड़ानों ने लोगों को रोमांचित कर दिया था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में आयोजन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। एयर शो के जरिए लोगों को भारतीय वायुसेना की क्षमता और देश की सुरक्षा में उसके योगदान को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। अब शनिवार को भी दर्शकों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना के बीच आयोजन को लेकर उत्साह बना हुआ है।
सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस ने एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दर्शक व्यवस्थित तरीके से आयोजन का आनंद ले सकें। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर आयोजन के दौरान सुरक्षा बनाए रखने के साथ दर्शकों की आवाजाही को सुगम बनाने पर है।
अयोध्या में फिर इतिहास रचने की तैयारी, 30 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी
‘ऑफिस-ऑफिस’ सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड: मुख्यमंत्री



