सीएम योगी ने संगम में शुरू कराई फ्लोटिंग जेटी गंगा आरती, अब हर शाम मिलेगा दिव्य अनुभव
प्रयागराज के संगम क्षेत्र में गंगा दशहरा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लोटिंग जेटी पर भव्य गंगा आरती का शुभारंभ किया। अब प्रतिदिन शाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों को संगम तट पर दिव्य आरती का अनुभव मिलेगा। इस दौरान प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया, जिसमें धार्मिक आयोजनों, स्नान तिथियों, सुविधाओं और संपर्क जानकारी सहित संगम क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध रहेंगी।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम और मथुरा-वृंदावन के विकास के बाद अब प्रयागराज के संगम क्षेत्र को भी भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगम क्षेत्र में फ्लोटिंग जेटी पर भव्य गंगा आरती का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने संगम तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मां गंगा का पूजन-अर्चन किया तथा दीपों और घंटों की मधुर ध्वनि के बीच गंगा आरती उतारी। इस अवसर पर पूरा संगम क्षेत्र आध्यात्मिक आस्था और भक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। आरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर भाव-विभोर हो उठे।
सरकार की योजना के तहत अब संगम क्षेत्र में प्रतिदिन शाम के समय फ्लोटिंग जेटी पर नियमित रूप से गंगा आरती आयोजित की जाएगी। इससे प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और साधु-संतों को प्रत्येक शाम एक दिव्य एवं अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा। प्रशासन का मानना है कि यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रयागराज की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
मेलाधिकारी एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष Rishiraj ने बताया कि संगम क्षेत्र में पहली बार फ्लोटिंग जेटी पर इस प्रकार की नियमित गंगा आरती की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धालुओं को काशी और हरिद्वार की तर्ज पर संगम में भी दिव्य गंगा आरती का अनुभव प्रदान करेगा। आरती के दौरान सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित सदन का लोकार्पण करने के साथ-साथ प्रयागराज मेला प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। यह वेबसाइट संगम क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगी।
मेला प्राधिकरण के अनुसार वेबसाइट पर संगम क्षेत्र में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक आयोजनों, प्रमुख स्नान पर्वों, मेले की गतिविधियों, आवागमन की सुविधाओं, पार्किंग, आवास व्यवस्था, सुरक्षा सेवाओं तथा संबंधित विभागों के संपर्क नंबरों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा वेबसाइट में वार्षिक धार्मिक कैलेंडर, विभिन्न तीर्थ स्थलों से कनेक्टिविटी और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी भी शामिल की गई है।
सरकार का उद्देश्य प्रयागराज को धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करना है। महाकुंभ 2025 की ऐतिहासिक सफलता के बाद संगम क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। फ्लोटिंग जेटी पर नियमित गंगा आरती की शुरुआत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।
अब नहीं दिखेंगे कूड़े के ढेर, बनारस बनने जा रहा देश का पहला ‘गार्बेज फ्री सिटी’
राहुल गांधी मानसिक रूप से बीमार, बीएचयू में कटवाई इलाज की पर्ची : अशोक पाण्डेय



