यूपी में आंधी-तूफान का कहर: 54 से अधिक मौतें, सीएम योगी ने 24 घंटे में मुआवजे के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। प्रदेशभर में 54 से अधिक लोगों की मौत हो गई जबकि कई जिलों में पेड़, बिजली के खंभे और कच्चे मकान गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा जारी करने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की मांग की।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बुधवार को चक्रवाती तूफान और बारिश ने जम कर कहर बरपाया। मौसम जनित हादसों में पूरे राज्य में 54 से अधिक लोग अकाल मृत्यु का शिकार हुये। प्रयागराज,भदोही, फतेहपुर, प्रतापगढ़,सीतापुर और बहराइच समेत कई जिलों में आंधी से सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गये जबकि बिजली के खंभे उखड़ने से विद्युत आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुयी और कई इलाके अंधेरे में डूब गये। आंधी बारिश से दर्जनो कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर रात बैठक कर आंधी, बेमौसम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं की समीक्षा की और 24 घंटे में पीड़ितों को मुआवजा देने के निर्देश दिये। योगी ने प्रभावित क्षेत्रों के जिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। साथ ही राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने के लिए निर्देशित किया। सर्वे के बाद नुकसान का आंकलन पूरा कर तुंरत मुआवजा देने के लिए कहा गया है। जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार निचले क्षोभमंडल में प्रदेश के पश्चिमोत्तर भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं की मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं के साथ प्रतिक्रिया के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार की आंधी तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की झोंकेदार हवाएं चलीं।सबसे ज्यादा तबाही प्रयागराज मंडल और पूर्वांचल में हुयी। भदोही में 11 और फतेहपुर में दस लोगों के विभिन्न हादसों में जान गंवाने की सूचना है। फतेहपुर में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में एक कच्चा मकान गिरने से शिवांश (8) , सिया कली (55), कल्पना देवी (25) , श्रीदेवी तथा अनारकली (40) मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने सिया कली को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।सीतापुर जिले में बुधवार दोपहर बाद आई तेज आंधी और वर्षा के दौरान आम का पेड़ गिरने से एक युवक की दबकर मौत हो गई। थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के राजपुर खुर्द गांव निवासी राहुल (18) गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में पशुओं को घर वापस ला रहा था। इसी दौरान तेज आंधी के चलते आम का एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रतापगढ़ जिले मे बुधवार शाम अन्तू क्षेत्र के छतरपुर शिवाला गांव मे बिजली गिरने से अधेड़ लाल बहादुर वर्मा की मौत हो गयी वह जंगल में जानवर चरा रहा था। कानपुर में शाम लगभग तीन बजे तेज रफ्तार हवाओं के साथ बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया और प्रचंड गर्मी से लोगों को कुछ समय के लिये राहत मिली।भदोही में आंधी बारिश के कारण हुये हादसों में कम से कम 11 लोगों के मरने की सूचना है। आंधी बारिश से कई क्षेत्रों में गुल हुयी बिजली देर रात तक नहीं आयी थी। मौसम के कारण कई इलाको में इंटरनेट सेवायें भी प्रभावित हुयी हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम के शुष्क रहने तथा तापमान में लगातार वृद्धि होने के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में एक बार फिर लू चलने की संभावना जताई है। हालांकि आंधी और वर्षा के बावजूद प्रदेश के अनेक हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड क्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बांदा में सर्वाधिक 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि झांसी में 44.5 डिग्री और प्रयागराज में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जिससे विशेष रूप से दक्षिणी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र में पुनः लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है।राजधानी लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
मुआवजा राशि जारी करने और बचाव अभियान से जुड़े कार्य सोशल मीडिया पर करने होंगे अपडेट
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। बीते लगभग 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि समेत कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर पीड़ितों की मदद और मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलों को हर 3 घंटे में स्थिति का अपडेट देने के लिए कहा गया है।
यूपी के बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल हानि की जानकारी सामने आई है। वहीं खराब मौसम की वजह से काफी संख्या में मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं जिलाधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर तत्काल सर्वे पूरा कराने का निर्देश दिया है, ताकि संबंधित विभागों के साथ मिलकर मुआवजा जारी किया जा सके।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम को राहत कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि मुआवजा राशि, बचाव अभियान समेत अन्य कार्यों को सोशल मीडिया पर अपडेट किया जाए। सभी जिलों को हर 3 घंटे में स्थिति का अपडेट भेजने के लिए भी कहा गया है।
आंधी-तूफान से हुयी 54 मौतों पर अखिलेश यादव ने जताया दुख
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में आए भीषण आंधी-तूफान से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र, बदायूं समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और तूफान के कारण 54 लोगों की मौत हो गई, जबकि घर, पेड़ और दीवारें गिरने से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।
सपा अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के लिए बेहतर और मुफ्त इलाज की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा प्रभावित इलाकों में शीघ्र खाना-पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए अस्थायी रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
श्री यादव ने कहा कि मृतकों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाए और आपदा में हुए जानमाल, फसल तथा वाहनों के नुकसान का जल्द आकलन कर प्रभावित परिवारों को बीमा राशि और उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि जो लोग इस आपदा से अप्रभावित हैं, वे पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए आगे आएं।सपा प्रमुख ने मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।(वार्ता)
अब हर शनिवार पैदल चलेंगे वाराणसी के महापौर और पार्षद, नगर निगम ने लिया बड़ा फैसला



