पिछले सप्ताह तेजी के बाद निवेशकों की नजर कच्चे तेल, पश्चिम एशिया और घरेलू डेटा पर
मुंबई के घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह हल्की तेजी देखने को मिली, लेकिन आने वाले सप्ताह में बाजार की दिशा वैश्विक संकेतों और पीएमआई आंकड़ों पर निर्भर करेगी। निवेशकों की नजर पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक हालात और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी रहेगी। 4 मई को विनिर्माण और 6 मई को सेवा क्षेत्र के पीएमआई आंकड़े जारी होंगे। बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी-50 दोनों में साप्ताहिक बढ़त रही, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अधिक मजबूती देखी गई।
मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही तेजी के बाद आने वाले सप्ताह निवेशकों का रुख वैश्विक कारकों और पीएमआई के आंकड़ों से तय होगा।वैश्विक कारकों में निवेशकों की नजर पश्चिम एशिया की स्थिति और कच्चे तेल की कीमत पर होगी। घरेलू स्तर पर विनिर्माण क्षेत्र के पीएमआई आंकड़े 04 मई को और सेवा क्षेत्र के 06 मई को जारी होने हैं।
बीते सप्ताह सोमवार और बुधवार को प्रमुख सूचकांकों में तेजी रही जबकि मंगलवार और गुरुवार को गिरावट देखी गयी। शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस पर बाजार बंद रहा।सप्ताह के दौरान बीएसई का सेंसेक्स 249.29 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त में 76,913.50 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 99.60 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की साप्ताहिक तेजी के साथ गुरुवार को 23,997.55 अंक पर बंद हुआ।मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा मजबूती रही।
सप्ताह के दौरान निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.84 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.50 प्रतिशत चढ़ गया।सेंसेक्स की 30 में से 16 कंपनियों के शेयरों में साप्ताहिक गिरावट और अन्य 14 में तेजी रही। सन फार्मा का शेयर 11.62 प्रतिशत चढ़ गया। टेक महिंद्रा का शेयर 8.38 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 7.77, आईटीसी का 4.43, अडानी पोर्ट्स का 4.37, भारती एयरटेल का 3.93, टीसीएस का 3.18 और कोटक महिंद्रा बैंक का 3.08 प्रतिशत की बढ़त में रहा।इंफोसिस का शेयर 2.34 फीसदी, मारुति सुजुकी का 2.04, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.94 और बजाज फाइनेंस का 1.64 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
पावरग्रिड और टाटा स्टील के शेयर भी ऊपर बंद हुए।एक्सिस बैंक का शेयर सप्ताह के दौरान 7.20 फीसदी टूट गया। इंडिगो में 5.01 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 4.79, इटरनल में 3.88, ट्रेंट में 3.65, अल्ट्राटेक सीमेंट में 3.56, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 3.37 और भारतीय स्टेट बैंक में 3.04 प्रतिशत की गिरावट रही।बीईएल का शेयर 2.96 फीसदी, एचडीएफसी बैंक का 1.75, एशियन पेंट्स का 1.60 और बजाज फिनसर्व का 1.32 प्रतिशत लुढ़क गया। एनटीपीसी और टाइटन के शेयरों में भी साप्ताहिक गिरावट रही। (वार्ता)
विवेक विहार अग्निकांड: चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 की मौत



