रथयात्रा से हुई शुरुआत, जल्द शहर के हर व्यस्त चौराहे और घाट पर दिखेगा यह खास इंतजाम
वाराणसी में भीषण गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम ने ‘ग्रीन शेड’ अभियान शुरू किया है। रथयात्रा चौराहे से इसकी शुरुआत हुई है। जल्द ही अन्य प्रमुख चौराहों और गंगा घाटों पर भी शेड लगाए जाएंगे। साथ ही 17 स्थानों पर वाटर कूलर और 22 जगह प्याऊ की व्यवस्था कर लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
वाराणसी : भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने शहरवासियों को राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इस पहल के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और गंगा घाटों पर ‘ग्रीन शेड’ (हरा पर्दा) लगाए जा रहे हैं, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को चिलचिलाती धूप से बचाया जा सके।
नगर निगम ने इस अभियान की शुरुआत रथयात्रा चौराहे से की है, जहां ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को अब धूप से काफी हद तक राहत मिल रही है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में लहुराबीर, मलदहिया (पटेल जी की मूर्ति के पास) और दशाश्वमेध सहित अन्य व्यस्त चौराहों और घाटों पर भी इसी प्रकार के ग्रीन शेड लगाए जाएंगे।
मुख्य अभियंता आरके सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचाव के लिए यह ग्रीन शेड एक प्रभावी समाधान साबित होगा। यह न केवल छाया प्रदान करेगा, बल्कि तापमान के प्रभाव को भी कम करेगा।

नगर निगम की इस मुहिम के तहत पेयजल की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किए गए हैं, जबकि 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों को आसानी से ठंडा पानी उपलब्ध हो सके।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम भीषण गर्मी को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य यह है कि दोपहर के समय सड़कों पर निकलने वाले प्रत्येक व्यक्ति को धूप और लू से सुरक्षा मिले। ग्रीन शेड लगाने का निर्णय इसी सोच के तहत लिया गया है, ताकि शहर के प्रमुख स्थलों पर छाया उपलब्ध कराई जा सके और लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।”
नगर निगम की इस पहल को आम नागरिकों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस योजना का विस्तार पूरे शहर में किया जाता है, तो यह गर्मी के मौसम में जनजीवन को काफी हद तक राहत प्रदान कर सकता है।
PM दौरे से पहले वाराणसी में हाई अलर्ट, सीएम योगी की बैठक में क्या-क्या तय हुआ?



