
बरेका में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह सम्पन्न, 31 कर्मियों का सम्मान
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 69वें एवं 70वें वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने 31 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बरेका की उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। अपने संबोधन में उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत 572 लोको निर्माण की ऐतिहासिक उपलब्धि का उल्लेख किया और कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया।
- महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रिकॉर्ड 572 लोको निर्माण का किया उल्लेख
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार, 17 अप्रैल 2026 को 69वें एवं 70वें वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन बरेका प्रेक्षागृह (सिनेमा हॉल) में किया गया। कार्यक्रम महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लाल जी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक का पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इसके पश्चात महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। अपने स्वागत संबोधन में श्री चौधरी ने सभी पुरस्कृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। कृष्ण वंदना के साथ रास-कत्थक शैली में ‘कृष्ण रास रागिनी’ की मनोहारी प्रस्तुति, प्रसिद्ध ग़ज़ल “ये दौलत भी ले लो, ये शोहरत भी ले लो” तथा डेढ़िया लोक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके उपरांत जनसंपर्क विभाग द्वारा बरेका की उपलब्धियों पर आधारित एक आकर्षक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसमें बरेका के गौरवशाली इतिहास, लोकोमोटिव निर्माण में उसकी अग्रणी भूमिका, हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता तथा अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों द्वारा विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में वर्ष 2024 एवं 2025 के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 31 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बरेका के विभिन्न अनुभागों को वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामूहिक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
प्रमुख पुरस्कारों में लाइट मशीन शॉप एवं ब्लॉक डिवीजन को सर्वोत्तम हाउसकीपिंग, ट्रक मशीन शॉप को सर्वोत्तम कार्य प्रणाली, प्रोग्रेस लोको को सर्वोत्तम संरक्षा प्रदर्शन तथा मेंटेनेंस एरिया-3 को सर्वोत्तम सेवा का पुरस्कार दिया गया। इसके अतिरिक्त एफ-51 एवं एम-60 को सर्वोत्तम स्टॉकिंग (प्रथम), टीओटी-47 को द्वितीय स्थान तथा क्रय अनुभाग-04 एवं 06 को क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने कहा कि यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण का अवसर नहीं, बल्कि बरेका परिवार की समर्पण भावना, उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प को साकार करते हुए बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 लोकोमोटिव का निर्माण कर अब तक का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बरेका के कर्मचारी भविष्य में भी चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। साथ ही पुरस्कृत कर्मचारियों को उन्होंने अन्य साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह की उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रसन्न होकर महाप्रबंधक ने आयोजन से जुड़े कर्मियों को भी पुरस्कृत करने की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनोज कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक श्री सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव, एससी-एसटी एसोसिएशन के पदाधिकारी, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड एवं भारत स्काउट एंड गाइड के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लिपिक शैलेन्द्री द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) श्री समीर पाल ने प्रस्तुत किया।



