महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा का चौक में हुआ श्रद्धापूर्ण स्वागत
वाराणसी में महावीर जयंती पर निकली शोभायात्रा का चौक क्षेत्र में संकल्प संस्था ने भव्य स्वागत किया। भगवान महावीर की आरती, भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहा। संरक्षक अनिल जैन ने जैन धर्म के अहिंसा और करुणा के संदेश को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
- संकल्प संस्था ने रजत आसन पर विराजमान भगवान महावीर की आरती कर लिया पुण्य लाभ, गूंजे जयकारे
वाराणसी। भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर, मैदागिन से निकली भव्य शोभायात्रा का चौक क्षेत्र में संकल्प संस्था द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। चौक स्थित कन्हैया लाल गुलालचंद सराफ के समक्ष आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संरक्षक श्री अनिल कुमार जैन के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों ने रजत आसन पर विराजमान भगवान महावीर स्वामी के विग्रह की विधिवत आरती उतारकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा में शामिल जैन धर्मावलंबी भक्ति गीतों एवं भजनों का गान करते हुए आगे बढ़ रहे थे। “वीर प्रभु तुमको नमन है, जग के तुम उजियारे हो” तथा “महावीर स्वामी तेरी जय-जयकार” जैसे भजनों की मधुर ध्वनि से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। साथ ही “भगवान महावीर स्वामी की जय” और “जैन धर्म की जय हो” के जयकारों से माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया।
इस मौके पर संरक्षक श्री अनिल कुमार जैन ने कहा कि जैन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट पद्धति है, जो अहिंसा, करुणा, त्याग और आत्मसंयम का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का सिद्धांत “जीव और जीव को जीने दो” आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है और समाज को सही दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में आलोक कुमार जैन, भूपेंद्र जैन, अनिल कुमार जैन, विनोद जैन “रज्जू”, मनोज जैन, सचिन जैन, प्रदीप चंद जैन, मृदुल जैन, अभिषेक जैन, अमित श्रीवास्तव एवं राजकुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मोदी ने महावीर जयंती पर शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भगवान महावीर जन्म कल्याणक के पवित्र अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सत्य, सद्भाव, सद्व्यवहार और समानता पर आधारित भगवान महावीर के संदेशों में अद्भुत प्रेरणा है और उनके महान विचार सदैव मानवता के पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे।श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा, “भगवान महावीर जन्म कल्याणक के पवित्र अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।भगवान महावीर का जीवन और उनकी शिक्षाएं सत्य, अहिंसा और करुणा के मार्ग को निरंतर प्रकाशित करती रहेंगी।



