एयर शो के दौरान जर्जर छतों और बालकोनियों पर एकत्र होने पर रोक, जारी की सुरक्षा एडवाइजरी
वाराणसी के नमो घाट में प्रस्तावित भव्य एयर शो से पहले नगर निगम ने जनसुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। गंगा तटवर्ती क्षेत्रों के चार जोनों में 424 जर्जर भवनों के स्वामियों को एडवाइजरी जारी की गई है। कमजोर छतों, छज्जों, मुंडेरों और बालकोनियों पर लोगों के जुटने पर रोक लगाई गई है। कोतवाली जोन में सर्वाधिक 215 भवन चिन्हित हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
वाराणसी : नमो घाट में प्रस्तावित भव्य एयर शो के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन ने गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में स्थित जर्जर व कमजोर भवनों, छतों, छज्जों, मुंडेर और बालकोनियों पर लोगों के एकत्र होने तथा प्रवेश करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। सुरक्षा के इस व्यापक अभियान के तहत शहर के चार जोनों में कुल 424 जर्जर भवन स्वामियों को औपचारिक एडवाइजरी जारी की गई है।
गंगा तटवर्ती क्षेत्रों में अनेक पुराने भवन ऐसे हैं, जिनमें संरचनात्मक कमजोरी, दीवारों में दरारें और छतों व छज्जों की जर्जरता है। एयर शो के दौरान वायुयानों के प्रदर्शन से उत्पन्न होने वाले कंपन, ध्वनि और लोगों की भारी आवाजाही के कारण छतों व अन्य हिस्सों पर अतिरिक्त भार बढ़ने से दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसे देखते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर कोतवाली जोन के जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा सहित अन्य जोनल अधिकारियों की ओर से आधिकारिक सुरक्षा चेतावनी जारी की गई है। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन भवनों, छतों या बालकोनियों में दरारें, झुकाव या प्लास्टर गिरने की समस्या हो, वहां एयर शो देखने के उद्देश्य से किसी को भी आमंत्रित न किया जाए।
भवन स्वामी या किरायेदार वास्तविक संरचनात्मक क्षमता की जांच किए बिना भीड़ एकत्र न होने दें। किसी भी खतरे की स्थिति में तत्काल संबंधित निगम अधिकारी को सूचित करना अनिवार्य होगा। असुरक्षित हिस्सों को खाली रखने के साथ ही वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा 331 व 308 के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा अनुमत सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करें, बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की असामान्य आवाज या दरार बढ़ने की सूचना तुरंत पुलिस, अग्निशमन सेवा या नगर निगम नियंत्रण कक्ष को दें।
जोनवार चिन्हित जर्जर भवन
सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम द्वारा शहर के चार प्रमुख जोनों में कुल 424 जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनके स्वामियों को एडवाइजरी जारी की गई है, जिनका जोनवार विवरण इस प्रकार है ।
कोतवाली जोन: 215 भवन
दशाश्वमेध जोन: 122 भवन
भेलूपुर जोन: 70 भवन
आदमपुर जोन: 17 भवन
कुल योग: 424 भवन
महापौर व नगर आयुक्त ने परखीं नाटी इमली भरत मिलाप की तैयारियां, दिए निर्देश
वाराणसी : विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली के भरत मिलाप आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन से एक दिन पूर्व बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से नाटी इमली पहुंचकर आयोजन स्थल एवं मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते चाक-चौबंद कर ली जाएं। मार्ग पर समुचित साफ-सफाई, चूना व कीटनाशक छिड़काव के साथ-साथ रात्रि के समय रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राय सहित नगर निगम के तमाम संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
देव दीपावली 2026: काशी दर्शन के लिए यूपीएसटीडीसी का खास टूर पैकेज, जानें किराया और बुकिंग प्रक्रिया
आत्महत्या की पोस्ट देखते ही हरकत में आई यूपी पुलिस, 4 हजार से अधिक लोगों की बचाई जान



