
युवाओं की शक्ति से राष्ट्र को समृद्ध बनाने में मिलती है बड़ी ताकत : मोदी
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, स्टार्टअप और नीति निर्माण में भागीदारी की अपील की। पीएम ने वैश्विक संकट, ऊर्जा चुनौतियों और अफवाहों से सतर्क रहने को कहा। साथ ही जनभागीदारी, जल संरक्षण, फिटनेस, सौर ऊर्जा और सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण के प्रयासों को देश की प्रगति का आधार बताया।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और जब युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण से जुड़ती है तो यह देश की सबसे बड़ी ताकत बन जाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के विकास और नीति निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।रविवार को आकाशवाणी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम Mann Ki Baat की 132वीं कड़ी को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास आज एक विशाल युवा जनसंख्या है, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखती है।
उन्होंने कहा कि यह जनसांख्यिकीय शक्ति तभी सार्थक होगी, जब युवा अपने विचार, नवाचार और ऊर्जा को राष्ट्रहित में लगाएंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं हैं, बल्कि वे ‘जॉब क्रिएटर’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। स्टार्टअप, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने युवाओं की इस सोच और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि यह परिवर्तन भारत के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।
श्री मोदी ने युवाओं से अपील की कि वे सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझें और देश के विकास में अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, डिजिटल जागरूकता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल प्लेटफॉर्म और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को अवसर प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को निखारना है।
अपने संबोधन में उन्होंने यह विश्वास जताया कि यदि देश के युवा अपनी क्षमता का सही उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी पूंजी है और यही शक्ति भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाएगी।कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के ताज़ा संस्करण में वैश्विक हालात, देश की चुनौतियों और जनभागीदारी से जुड़े प्रेरक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल भरा रहा है और दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध एवं संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, जिसका असर ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में कार्यरत एक करोड़ से अधिक भारतीयों को वहां की सरकारों द्वारा सहयोग दिया जा रहा है, जिसके लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि इस तरह के संवेदनशील समय में राजनीति से ऊपर उठकर देशहित में कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले तत्व देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचना चाहिए।
‘ज्ञान भारतम सर्वे’ का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से चल रहे “ज्ञान भारतम सर्वे” का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर की प्राचीन पांडुलिपियों (manuscripts) का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इसके लिए ‘ज्ञान भारतम ऐप’ के माध्यम से लोग अपनी पांडुलिपियों की जानकारी साझा कर सकते हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और लद्दाख से मिले उदाहरणों का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
युवाओं की भूमिका और MY Bharat
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की भागीदारी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है। “MY Bharat” संगठन के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने “Budget Quest” जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों युवाओं ने इसमें भाग लेकर नीति निर्माण में अपनी रुचि दिखाई।
खेलों में बढ़ता भारत का गौरव
पीएम मोदी ने क्रिकेट में भारत की उपलब्धियों और जम्मू-कश्मीर टीम की रणजी ट्रॉफी जीत का जिक्र किया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और युवाओं में बढ़ते खेल उत्साह की सराहना की। इसके साथ ही एथलीट गुलवीर सिंह और स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।
फिटनेस और योग पर जोर
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस नजदीक है और सभी को योग, व्यायाम तथा संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। साथ ही चीनी और तेल के सेवन में कमी लाने की सलाह दी।
शिक्षा और नवाचार के प्रयास
उन्होंने बेंगलुरु स्थित Prayog Institute के “अन्वेषण” कार्यक्रम की सराहना की, जो छात्रों को विज्ञान और शोध से जोड़ने का कार्य कर रहा है। इसके अलावा नागालैंड के पारंपरिक “मोरूंग” शिक्षा मॉडल का भी उल्लेख किया, जो आधुनिक और पारंपरिक ज्ञान का समन्वय प्रस्तुत करता है।
जल संरक्षण और सामुदायिक पहल
प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण को लेकर चल रहे अभियानों का जिक्र करते हुए बताया कि देशभर में लाखों जल संरचनाएं बनाई गई हैं। त्रिपुरा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से जल संकट का समाधान संभव है।
मछुआरों और आत्मनिर्भर भारत
उन्होंने मछुआरा समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक और सरकारी योजनाओं से उनका जीवन आसान हुआ है। ओडिशा और लक्षद्वीप की महिलाओं के उदाहरण देते हुए उन्होंने आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा कीं।
वाराणसी का विश्व रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के Varanasi का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यहां एक घंटे में 2.51 लाख पौधे लगाकर Guinness World Record बनाया गया। उन्होंने इसे जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
सौर ऊर्जा क्रांति का विस्तार
प्रधानमंत्री ने “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि देशभर में सौर ऊर्जा को तेजी से अपनाया जा रहा है। इससे न केवल बिजली की बचत हो रही है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।(वार्ता)।
पीएम मोदी के संदेश को भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण पर जोर



