Varanasi

तरना मलिन बस्ती का निरीक्षण: मंत्री सुरेश खन्ना ने दिए विकास कार्य तेज करने के निर्देश

वाराणसी के तरना वार्ड की मलिन बस्ती में प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की। सड़कों की मरम्मत, हर घर नल योजना, हैंडपंप सुधार, अंबेडकर पार्क सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। साथ ही जरूरतमंद परिवार को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा।

वाराणसी : जनपद के तरना वार्ड स्थित मलिन बस्ती में गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं वित्त व संसदीय कार्य विभाग के मंत्री सुरेश खन्ना ने स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने और योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

मार्ग व आधारभूत ढांचे की समीक्षा

मंत्री सुरेश खन्ना ने मलिन बस्ती को जोड़ने वाले मार्ग का निरीक्षण किया, जहां अधिकांश स्थानों पर इंटरलॉकिंग की स्थिति संतोषजनक पाई गई। हालांकि कुछ हिस्सों में क्षति मिलने पर उन्होंने तत्काल री-सेटिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

धार्मिक स्थल पर प्लेटफॉर्म निर्माण

निरीक्षण के दौरान पीपल के पेड़ के समीप स्थानीय पार्षद द्वारा धार्मिक गतिविधियों के लिए कच्चे स्थान को पक्का करने की मांग रखी गई। इस पर मंत्री ने शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर पक्का प्लेटफॉर्म निर्माण कराने के निर्देश दिए।

जल आपूर्ति और हैंडपंप व्यवस्था

मंत्री ने हर घर नल योजना के अंतर्गत जिन घरों में अभी तक कनेक्शन नहीं हैं, वहां चिन्हांकन कर शीघ्र जल कनेक्शन देने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़े हैंडपंपों को चिन्हित कर री-बोरिंग और प्लेटफॉर्म निर्माण कराने को कहा, ताकि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

डॉ. अंबेडकर पार्क का होगा कायाकल्प

डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने इसके सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ट्री गार्ड, पौधारोपण, बेंच स्थापना, हाईमास्ट लाइट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाउंड्री वॉल निर्माण और प्रतिमा को ट्रांसपेरेंट शीट से सुरक्षित करने के निर्देश दिए।

बस्ती में सड़क, रोशनी और स्वच्छता पर जोर

पार्क के पीछे स्थित मलिन बस्ती में केसी ड्रेन के किनारे गली निर्माण, स्ट्रीट लाइट लगाने, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नई ट्रॉली उपलब्ध कराने और खुले नालों को स्लैब से ढकने के निर्देश दिए गए।

आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एक कच्चे मकान में रह रहे परिवार को चिन्हित कर उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पार्षद रोहित मिश्रा, सविता यादव (अपर नगर आयुक्त), मुख्य अभियंता आरके सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मैदागिन से सारनाथ तक ट्रैफिक सुधार की तैयारी, नगर आयुक्त का स्थलीय निरीक्षण

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button