Crime

महराजगंज में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर लगाई फांसी

उत्तर प्रदेश के महराजगंज के नौतनवा में पारिवारिक कलह के चलते दर्दनाक घटना सामने आई। एसएसबी महिला कर्मी के पति ने पहले चार वर्षीय बेटे और तीन वर्षीय बेटी की हत्या कर दी, फिर खुद फांसी लगा ली। कमरे की दीवार पर लिखे सुसाइड नोट में पत्नी और एक युवक को जिम्मेदार ठहराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • एसएसबी महिला कर्मी के पति ने दीवार पर सुसाइड नोट लिख पत्नी और एक युवक को ठहराया जिम्मेदार, पुलिस जांच में जुटी

महराजगंज (उत्तर प्रदेश)। जिले के नौतनवा क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की एक महिला कर्मी के पति ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी और फिर स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे गांधी नगर इलाके के एक किराए के मकान में हुई। मृतक ने पहले अपने चार वर्षीय बेटे और तीन वर्षीय बेटी को रस्सी के सहारे खिड़की से लटका दिया और इसके बाद कमरे में छत के कुंडे से फंदा लगाकर खुद भी जान दे दी।

किराएदारों ने सुनी बच्चों की चीख

जानकारी के अनुसार, सुबह अचानक ऊपर के कमरे से बच्चों की चीख-पुकार सुनाई दी। नीचे रहने वाले किराएदारों को शक हुआ तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वे ऊपर गए और दरवाजा खटखटाया, मगर दरवाजा अंदर से बंद था। स्थिति संदिग्ध लगने पर किराएदारों ने महिला एसएसबी जवान को फोन कर सूचना दी। उस समय वह ड्यूटी पर थीं।

दरवाजा तोड़ने पर सामने आया खौफनाक मंजर

सूचना मिलने पर महिला जवान तुरंत घर पहुंची। दरवाजा काफी देर तक खटखटाने के बाद भी नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। खिड़की के सहारे चार साल के बेटे और तीन साल की बेटी के शव रस्सी से लटके हुए थे, जबकि पति का शव कमरे में फंदे से लटक रहा था। यह भयावह दृश्य देखकर महिला जवान बेहोश हो गई। होश आने पर वह फर्श पर गिरकर जोर-जोर से रोने लगी और बच्चों के शव से लिपटकर विलाप करती रही।

गाजीपुर के सैदपुर का रहने वाला था परिवार

पुलिस के अनुसार, महिला जवान वंदना भारती (35) नौतनवा में 66वीं वाहिनी एसएसबी में फोर्थ क्लास कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। उनकी शादी वर्ष 2019 में अमरेश ठाकुर (40) से हुई थी। वंदना शादी से पहले से ही नौकरी कर रही थीं। एक साल पहले उनकी पोस्टिंग नौतनवा में हुई थी, इससे पहले वह झारखंड में तैनात थीं। यहां वह अपने पति अमरेश और दो बच्चों-अमरेंद्र कुमार (4) और कंचन (3)-के साथ किराए के मकान की पहली मंजिल पर रहती थीं। परिवार मूल रूप से गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

दीवार पर लिखा सुसाइड नोट

घटना स्थल की जांच के दौरान कमरे की दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें मृतक अमरेश ने अपनी पत्नी वंदना कुमारी और सोनू गौतम नामक व्यक्ति को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी किसी सोनू गौतम से बात करती थी और दोनों के बीच संबंध थे। उसने लिखा कि वह अपने बच्चों से अलग नहीं हो सकता था, इसलिए यह कदम उठा रहा है। इसके अलावा नोट में उसने पत्नी के मायके पक्ष के कुछ लोगों-पिता रामअवतार, मां चंदा देवी, भाई नवीन कुमार, भाभी सुनीता देवी और अमरनाथ-का भी जिक्र किया है और उन पर पैसे के लिए पत्नी को दबाव डालने का आरोप लगाया है।

सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले अमरेश ने एक वीडियो भी बनाया था और उसे अपने साले को भेजा था। वीडियो में उसने पारिवारिक कलह और पत्नी से विवाद को अपनी आत्महत्या की वजह बताया है। वीडियो संदेश में उसने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था और पत्नी द्वारा अपमानित किए जाने से बेहद आहत था। उसने यह भी कहा कि उसके मरने के बाद उसकी पत्नी उसके शव को न छुए और शव उसके परिजनों को सौंप दिया जाए।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह इस घटना की मुख्य वजह सामने आ रही है। मृतक ने आत्महत्या से पहले वीडियो भी भेजा था। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

फरवरी 2026 में वाहन बिक्री का नया रिकॉर्ड, 24 लाख से अधिक वाहन बिके

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button